लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 936 चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र सौंपे। इस दौरान उन्होंने कहा कि मजबूत कानून-व्यवस्था ही निवेश और विकास की पहली शर्त है
ST.News Desk
लखनऊ: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश पुलिस दूरसंचार विभाग में चयनित 936 प्रधान परिचालक/प्रधान परिचालक (यांत्रिक) को नियुक्ति-पत्र वितरित किए। इस मौके पर उन्होंने कहा कि राज्य में कानून का राज स्थापित होने से ही विकास का रास्ता खुलता है और इसी कारण आज देश-विदेश के निवेशक उत्तर प्रदेश की ओर आकर्षित हो रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर के साथ सुरक्षित और निवेश के अनुकूल वातावरण तैयार किया गया है। उन्होंने इसे “नए उत्तर प्रदेश” की पहचान बताते हुए कहा कि कानून-व्यवस्था मजबूत होने से न केवल अपराध पर नियंत्रण हुआ है, बल्कि आर्थिक विकास को भी गति मिली है।
भर्ती प्रक्रिया को लेकर सीएम योगी ने बताया कि उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड इस वर्ष करीब एक लाख नई भर्तियां करने जा रहा है। उन्होंने कहा कि हाल ही में होमगार्ड के 41,000 से अधिक पदों के लिए परीक्षाएं संपन्न हुई हैं, जबकि सिविल पुलिस और सब-इंस्पेक्टर (SI) के पदों पर भी भर्ती प्रक्रिया तेजी से आगे बढ़ रही है।
उन्होंने यह भी कहा कि उत्तर प्रदेश देश का पहला राज्य है जिसने 500 से अधिक कुशल खिलाड़ियों को पुलिस बल में शामिल किया है। इसका सकारात्मक असर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल प्रतियोगिताओं में देखने को मिल रहा है, जहां उत्तर प्रदेश पुलिस बेहतर प्रदर्शन कर रही है।
मुख्यमंत्री ने जोर देते हुए कहा कि प्रदेश में “गुंडा मुक्त, दंगा मुक्त और माफिया मुक्त” व्यवस्था स्थापित करने के साथ-साथ पुलिस बल राज्य की आर्थिक प्रगति में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। उन्होंने कहा कि कानून का मजबूत ढांचा ही निवेश को आकर्षित करता है और उत्तर प्रदेश आज उसी दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।

