crossorigin="anonymous"> झारखंड : SBI के घूसखोर ब्रांच मैनेजर को CBI ने दबोचा, बीमा क्लेम दिलाने के नाम पर मांग रहा था 77 हजार रुपये - Sanchar Times

झारखंड : SBI के घूसखोर ब्रांच मैनेजर को CBI ने दबोचा, बीमा क्लेम दिलाने के नाम पर मांग रहा था 77 हजार रुपये

Spread the love

ST.News Desk

झारखंड के गोड्डा जिले में सीबीआई ने स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) के एक ब्रांच मैनेजर को 77 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना का क्लेम पास कराने और बैंक खाते से होल्ड हटाने के बदले घूस मांग रहा था।

रांची: झारखंड के गोड्डा जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) ने बड़ी कार्रवाई की है। एजेंसी ने स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) की डुमरिया शाखा के ब्रांच मैनेजर को 77 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी पर प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना (PMJJBY) का लाभ दिलाने के बदले घूस मांगने का आरोप है।

सीबीआई के मुताबिक मामला गोड्डा जिले के डुमरिया स्थित एसबीआई शाखा का है। शिकायतकर्ता की मां ने अपने जीवनकाल में प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना के तहत बीमा पॉलिसी ली थी। महिला की मृत्यु के बाद योजना के तहत उनके बेटे को 2 लाख रुपये की बीमा राशि मिलनी थी।

2 लाख रुपये का क्लेम दिलाने के लिए मांगी रिश्वत

आरोप है कि जब पीड़ित बीमा क्लेम की प्रक्रिया पूरी कराने के लिए बैंक पहुंचा तो शाखा प्रबंधक ने क्लेम की राशि जारी कराने के बदले 60 हजार रुपये रिश्वत की मांग की। इतना ही नहीं, मृतक महिला के खाते में जमा 35 हजार रुपये पर लगे होल्ड को हटाने के लिए अतिरिक्त 17 हजार रुपये भी मांगे गए।

इस तरह आरोपी बैंक अधिकारी ने कुल 77 हजार रुपये रिश्वत की मांग की। पीड़ित ने इसकी शिकायत सीबीआई से की, जिसके बाद एजेंसी ने मामले का सत्यापन कर 31 मई 2026 को प्राथमिकी दर्ज कर ली।

ट्रैप बिछाकर रंगे हाथ गिरफ्तार किया

शिकायत की पुष्टि होने के बाद सीबीआई ने 1 जून 2026 को ट्रैप ऑपरेशन चलाया। तय योजना के अनुसार शिकायतकर्ता आरोपी ब्रांच मैनेजर के पास पहुंचा और उसे 77 हजार रुपये की रिश्वत दी। जैसे ही आरोपी ने रकम स्वीकार की, पहले से मौजूद सीबीआई टीम ने उसे रंगे हाथ पकड़ लिया।

सीबीआई ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है। मंगलवार को उसे धनबाद स्थित विशेष सीबीआई अदालत में पेश किया गया, जहां से आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू की गई।

एजेंसी का कहना है कि मामले की जांच जारी है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि भ्रष्टाचार के इस प्रकरण में किसी अन्य बैंक कर्मचारी या अधिकारी की भूमिका तो नहीं है।


Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *