crossorigin="anonymous"> मंगेतर की हत्या, 3 साल का प्लान और प्रेमी संग साजिश! पुणे केतन अग्रवाल केस में चौंकाने वाले खुलासे - Sanchar Times

मंगेतर की हत्या, 3 साल का प्लान और प्रेमी संग साजिश! पुणे केतन अग्रवाल केस में चौंकाने वाले खुलासे

Spread the love

जांच में दावा- शादी से पहले रास्ते से हटाया मंगेतर, गूगल पर हत्या के तरीके खोजे, माता-पिता ने भी दोषी होने पर कड़ी सजा की मांग की

ST.News Desk

पुणे: पुणे के चर्चित केतन अग्रवाल हत्याकांड में हर दिन नए खुलासे सामने आ रहे हैं। जांच में सामने आए तथ्यों के अनुसार, केतन की मंगेतर सिया गोयल और उसके कथित प्रेमी चेतन चौधरी पर मिलकर हत्या की साजिश रचने का आरोप है। दावा किया जा रहा है कि दोनों ने करीब तीन साल की योजना बनाकर इस वारदात को अंजाम देने की तैयारी की थी।

सूत्रों के मुताबिक, पूछताछ में पता चला कि 22 वर्षीय चेतन चौधरी शादी से पहले अपने करियर में स्थापित होना चाहता था। इसी वजह से उसने सिया से कम से कम तीन साल इंतजार करने की बात कही थी। आरोप है कि यदि केतन की हत्या हो जाती, तो परिवार में शोक के कारण सिया की शादी कई वर्षों तक टल जाती। इस दौरान दोनों अपने भविष्य की योजना बनाकर बाद में शादी करना चाहते थे।

जांच एजेंसियों के अनुसार, दोनों ने इसी साल फरवरी 2026 से हत्या की साजिश रचना शुरू कर दी थी। पुलिस को मिली डिजिटल जांच में कथित तौर पर यह भी सामने आया है कि आरोपियों ने गूगल पर हत्या करने के विभिन्न तरीकों से जुड़े सर्च किए थे और ऐसे कई वीडियो भी देखे थे।

मां ने कहा- दोषी हो तो बेटी को भी मिले कड़ी सजा

सिया की मां पूजा गोयल ने घटना पर गहरा दुख जताते हुए कहा कि उन्हें इस मामले की जानकारी मिलने पर विश्वास ही नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि केतन का परिवार अपूरणीय दुख से गुजर रहा है, लेकिन इस घटना ने दो परिवारों की जिंदगी बर्बाद कर दी है। उन्होंने कहा कि यदि उनकी बेटी दोषी साबित होती है, तो उसे भी कानून के अनुसार सबसे कड़ी सजा मिलनी चाहिए।

पिता बोले- केतन बेटे जैसा था

सिया के पिता प्रवीण गोयल ने भी केतन की मौत पर शोक व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि केतन उनके लिए बेटे जैसा था और उसके परिवार ने अपना इकलौता सहारा खो दिया। उन्होंने कहा कि कुछ दिन पहले ही परिवार ने सिया का जन्मदिन साथ मनाया था और सभी उसके उज्ज्वल भविष्य के सपने देख रहे थे, लेकिन इस घटना ने सब कुछ बदल दिया।

जांच जारी

फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है। आरोपों की पुष्टि अदालत में पेश किए जाने वाले साक्ष्यों और न्यायिक प्रक्रिया के बाद ही होगी। जांच एजेंसियां डिजिटल सबूतों, पूछताछ और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ रही हैं।


Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *