हैदर अली, रोहतास ब्यूरो चीफ
सासाराम (रोहतास)। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मंगलवार, 6 अक्टूबर 2026 को अपने एक दिवसीय रोहतास दौरे के दौरान सासाराम के बेदा फ्लाईओवर के समीप आयोजित कार्यक्रम में बेदा-मोकर बाईपास का लोकार्पण किया। 9.2 किलोमीटर लंबे इस बाईपास के निर्माण पर 122 करोड़ 39 लाख रुपये की लागत आई है।
इस बाईपास के शुरू होने से सासाराम शहर के मुख्य मार्ग पर वाहनों का दबाव कम होने की उम्मीद है। पुरानी जीटी रोड पर कलेक्ट्रेट, सदर अस्पताल, सिविल कोर्ट और रेलवे स्टेशन समेत कई महत्वपूर्ण संस्थान स्थित हैं। भारी वाहनों के शहर के भीतर से गुजरने के कारण यहां यातायात दबाव बना रहता था।
बाईपास के चालू होने के बाद पटना, आरा, बक्सर, चौसा और बिक्रमगंज की ओर आने-जाने वाले भारी कमर्शियल वाहन और बड़ी बसें शहर के व्यस्त हिस्सों में प्रवेश किए बिना बाईपास के रास्ते निकल सकेंगी। इससे शहर के मुख्य मार्ग पर यातायात व्यवस्था में राहत मिलने की उम्मीद है।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बाईपास के लोकार्पण के साथ ही पास स्थित पोखर का भी निरीक्षण किया। इस पोखर का मुख्यमंत्री कायाकल्प अभियान के तहत जीर्णोद्धार और सौंदर्यीकरण कराया गया है।
मुख्यमंत्री के रोहतास दौरे के दौरान जिले में 550 करोड़ रुपये से अधिक की 176 विकास योजनाओं के शिलान्यास और उद्घाटन का कार्यक्रम भी रहा। दौरे के दौरान जमुहार स्थित नारायण मेडिकल कॉलेज में युवा संवाद कार्यक्रम तथा करूप स्थित पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय में खगोलीय विज्ञान प्रयोगशाला के उद्घाटन और सहयोग शिविर में भी मुख्यमंत्री शामिल हुए।
कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ जिलाधिकारी दीपक कुमार मिश्रा, पुलिस अधीक्षक समेत कई अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।
























