सासाराम | : हैदर अली, रोहतास ब्यूरो चीफ
कोचस में आभूषण दुकान को फिर बनाया निशाना, दो बाइक से पहुंचे थे चार अपराधी; CCTV फुटेज के आधार पर जांच में जुटी पुलिस
रोहतास जिले के कोचस बाजार में दिनदहाड़े आभूषण दुकान में लूट की बड़ी वारदात सामने आई है। दो बाइक पर सवार होकर आए चार अपराधियों ने पिस्टल के बल पर दुकान में मौजूद लोगों को बंधक बना लिया और सोने-चांदी के आभूषण लेकर फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
ग्राहक बनकर दुकान में घुसे अपराधी
जानकारी के मुताबिक, कोचस बाजार स्थित चर्चित कारोबारी सूरज सेठ की न्यू कंचन ज्वेलर्स में चार अपराधी ग्राहक बनकर दाखिल हुए। बताया जाता है कि इनमें से कुछ ने हेलमेट पहन रखा था। दुकान के अंदर पहुंचते ही सभी ने पिस्टल तान दी और वहां मौजूद महिला ग्राहकों समेत लोगों को अपने कब्जे में ले लिया।
अपराधियों ने दुकान में मौजूद चार लोगों के हाथ बांध दिए। इसके बाद दुकान से भारी मात्रा में सोने-चांदी के आभूषण लूटकर फरार हो गए। भागते समय अपराधी दो लोगों के मोबाइल फोन भी अपने साथ ले गए।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे रोहतास एसपी
घटना की सूचना मिलते ही रोहतास के एसपी मिस्टर राज पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेकर जांच शुरू कर दी है। एसपी के मुताबिक, लूटे गए आभूषणों की वास्तविक मात्रा और कीमत का आकलन किया जा रहा है।
पुलिस दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है। वारदात के दौरान कई गतिविधियां कैमरे में कैद होने की बात सामने आई है। फुटेज के आधार पर अपराधियों की पहचान करने और उनके भागने के रास्ते का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।
एक साल पहले भी हुई थी करोड़ों की लूट
बताया जाता है कि न्यू कंचन ज्वेलर्स को करीब एक साल पहले भी अपराधियों ने निशाना बनाया था। उस दौरान दुकान से करोड़ों रुपये के आभूषण लूटे जाने की बात सामने आई थी। अब एक बार फिर उसी प्रतिष्ठान में दिनदहाड़े लूट की घटना ने बाजार की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
फिलहाल लूटे गए आभूषणों की सही मात्रा, उनकी कीमत और अपराधियों की पहचान को लेकर पुलिस की जांच जारी है। मामले में पुलिस की आगे की कार्रवाई और आधिकारिक जानकारी का इंतजार है।






















