नई दिल्ली: केंद्र सरकार ने केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनर्स को महंगाई से राहत देते हुए महंगाई भत्ता (DA) और महंगाई राहत (DR) में 3 फीसदी बढ़ोतरी को मंजूरी दे दी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में हुई केंद्रीय कैबिनेट की बैठक में यह फैसला लिया गया। नई दर 1 जुलाई 2026 से प्रभावी होगी। इसके साथ ही केंद्रीय पेंशनर्स और फैमिली पेंशनर्स को मिलने वाली महंगाई राहत 60 फीसदी से बढ़कर 63 फीसदी हो जाएगी।
सरकार के इस फैसले से ओल्ड पेंशन स्कीम (OPS) और यूनिफाइड पेंशन स्कीम (UPS) के तहत आने वाले पात्र पेंशनर्स और उनके परिवारों को भी फायदा मिलेगा। खास बात यह है कि महंगाई राहत की गणना बेसिक पेंशन के आधार पर होगी। ऐसे में पेंशनर्स को हर महीने कितनी अतिरिक्त रकम मिलेगी, आइए समझते हैं।
क्या है महंगाई राहत (DR)?
महंगाई राहत यानी Dearness Relief केंद्र सरकार की ओर से पेंशनर्स और पात्र फैमिली पेंशनर्स को दी जाने वाली अतिरिक्त राशि है। इसका उद्देश्य बढ़ती महंगाई के असर को कम करना है। इसकी गणना बेसिक पेंशन के प्रतिशत के आधार पर की जाती है।

पहले पेंशनर्स को बेसिक पेंशन पर 60 फीसदी DR मिल रहा था। अब इसे बढ़ाकर 63 फीसदी कर दिया गया है। यानी बेसिक पेंशन पर 3 प्रतिशत अंक की अतिरिक्त राहत मिलेगी।
OPS में फैमिली पेंशन कितनी बढ़ेगी?
ओल्ड पेंशन स्कीम (OPS) के तहत सामान्य फैमिली पेंशन की गणना कर्मचारी के अंतिम वेतन के आधार पर होती है। सामान्य तौर पर पात्र परिवार को अंतिम वेतन का 30 फीसदी फैमिली पेंशन के रूप में मिलता है। न्यूनतम और अधिकतम सीमा तथा पात्रता संबंधित पेंशन नियमों के अनुसार तय होती है।
उदाहरण से समझिए:
मान लीजिए किसी कर्मचारी की अंतिम बेसिक सैलरी 80,000 रुपये थी। ऐसे में परिवार को 24,000 रुपये बेसिक फैमिली पेंशन मिलेगी।
- 60% DR पर महंगाई राहत: 14,400 रुपये
- कुल मासिक फैमिली पेंशन: 38,400 रुपये
- 63% DR पर महंगाई राहत: 15,120 रुपये
- नई कुल मासिक फैमिली पेंशन: 39,120 रुपये
इस तरह परिवार को हर महीने 720 रुपये अतिरिक्त मिलेंगे।
UPS पेंशनर्स के परिवार को कितना फायदा?
यूनिफाइड पेंशन स्कीम (UPS) के तहत पात्र परिवार को कर्मचारी की मृत्यु से ठीक पहले मिलने वाली पेंशन के आधार पर फैमिली पेआउट दिया जाता है। यह राशि संबंधित नियमों के अनुसार कर्मचारी की पेंशन का 60 फीसदी होती है। इस भुगतान पर भी पात्रता के अनुसार महंगाई राहत लागू होती है।
उदाहरण से समझिए:
मान लीजिए UPS के तहत कर्मचारी को 40,000 रुपये मासिक पेंशन मिल रही थी। ऐसे में पात्र जीवनसाथी को इसका 60 फीसदी यानी 24,000 रुपये बेसिक फैमिली पेआउट मिलेगा।
- 60% DR पर महंगाई राहत: 14,400 रुपये
- कुल मासिक भुगतान: 38,400 रुपये
- 63% DR पर महंगाई राहत: 15,120 रुपये
- नई कुल मासिक राशि: 39,120 रुपये
यानी इस उदाहरण में UPS के पात्र फैमिली पेआउट में भी हर महीने 720 रुपये की बढ़ोतरी होगी।
68.71 लाख पेंशनर्स को मिलेगा फायदा
केंद्र सरकार के इस फैसले से करीब 68.71 लाख केंद्रीय पेंशनर्स और फैमिली पेंशनर्स को लाभ मिलने की उम्मीद है। वहीं, 48.54 लाख केंद्रीय सरकारी कर्मचारियों को भी DA बढ़ोतरी का फायदा मिलेगा। सरकार के मुताबिक DA और DR में इस बढ़ोतरी से सरकारी खजाने पर सालाना करीब 10,016.10 करोड़ रुपये का अतिरिक्त वित्तीय बोझ पड़ेगा।
कब से मिलेगा बढ़ा हुआ पैसा?
महंगाई राहत की नई दर 1 जुलाई 2026 से लागू होगी। इसलिए पात्र पेंशनर्स को जुलाई 2026 से बढ़ी हुई DR दर के अनुसार भुगतान और बकाया राशि (एरियर) का लाभ नियमानुसार मिलेगा।
कुल मिलाकर, सरकार के इस फैसले से केंद्रीय पेंशनर्स और उनके परिवारों को बढ़ती महंगाई के बीच अतिरिक्त आर्थिक राहत मिलेगी। हालांकि, वास्तविक बढ़ोतरी प्रत्येक पेंशनर्स की बेसिक पेंशन और लागू पेंशन नियमों पर निर्भर करेगी।






















