सासाराम/बिहार | रिपोर्ट: हैदर अली, रोहतास ब्यूरो चीफ
बिहार के सासाराम रेलवे स्टेशन पर उस समय यात्री हैरान रह गए, जब पुरी-आनंद विहार एक्सप्रेस निर्धारित समय से पहले ही स्टेशन से रवाना हो गई। यात्रियों का आरोप है कि ट्रेन रात 11 बजकर 6 मिनट के निर्धारित समय के बजाय 10 बजकर 45 मिनट पर ही खुल गई। ऐसे में समय पर स्टेशन पहुंचे कई यात्रियों की ट्रेन छूट गई। यात्रियों ने स्टेशन प्रबंधन से इसकी शिकायत की। वहीं, स्टेशन मास्टर ने ट्रेन के गार्ड की गलती बताई है। देखिए सासाराम से हैदर अली की यह रिपोर्ट।
सासाराम रेलवे स्टेशन पर पुरी-आनंद विहार एक्सप्रेस (18427) के निर्धारित समय से पहले रवाना होने का मामला सामने आया है। यात्रियों के मुताबिक, इस ट्रेन के सासाराम स्टेशन से प्रस्थान का निर्धारित समय रात 11 बजकर 6 मिनट है, लेकिन ट्रेन रात करीब 10 बजकर 45 मिनट पर ही रवाना हो गई।
यात्रियों का कहना है कि वे निर्धारित समय के अनुसार ट्रेन पकड़ने स्टेशन पहुंचे थे, लेकिन वहां पहुंचने पर पता चला कि ट्रेन पहले ही जा चुकी है। इस घटना के बाद यात्रियों में नाराजगी देखने को मिली। प्रभावित यात्रियों ने स्टेशन प्रबंधन के समक्ष अपनी शिकायत दर्ज कराई। पीड़ित यात्री अब्दुल समद ने अपनी परेशानी बताते हुए रेलवे व्यवस्था पर सवाल उठाए।
वहीं, इस मामले में स्टेशन मास्टर जितेंद्र कुमार ने ट्रेन के गार्ड की गलती बताई। हालांकि, घटना को लेकर रेल अधिकारियों ने रात में विस्तार से कुछ भी कहने से परहेज किया।
अब सवाल यह है कि यदि ट्रेन निर्धारित समय से पहले रवाना हुई, तो इसकी जिम्मेदारी किसकी है? और जिन यात्रियों की ट्रेन छूट गई, उन्हें रेलवे की ओर से क्या राहत मिलेगी?






















