ST.News Desk
नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली में पुरानी रंजिश के चलते एक 14 वर्षीय छात्र की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। घटना पूर्वी दिल्ली के कोटला गांव की है, जहां कक्षा 8वीं में पढ़ने वाले पवन पर चाकू से हमला किया गया। गंभीर रूप से घायल छात्र को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने इस मामले में दो नाबालिग आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
खेलने निकला था पवन
जानकारी के मुताबिक, 14 वर्षीय पवन घरवालों से खेलने जाने की बात कहकर घर से बाहर निकला था। कुछ देर बाद परिवार को उस पर हमले की सूचना मिली। परिजन जब घटनास्थल पर पहुंचे तो पवन नाली में घायल अवस्था में पड़ा था। उसके गले और कंधे पर चाकू से हमले के निशान थे। परिजन तुरंत उसे लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
पुरानी रंजिश का शक
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि पवन और आरोपी लड़कों के बीच कुछ दिन पहले किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। बताया जा रहा है कि घटना से चार-पांच दिन पहले भी दोनों पक्षों के बीच झगड़ा हुआ था। इसी पुरानी रंजिश को हत्या की संभावित वजह माना जा रहा है।
दो नाबालिग गिरफ्तार
पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर दो नाबालिगों को गिरफ्तार किया है। दोनों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि हत्या के पीछे वास्तविक वजह क्या थी और वारदात में कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल था या नहीं।
CCTV फुटेज जब्त
पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के इलाकों की सीसीटीवी फुटेज जब्त की है। बताया जा रहा है कि फुटेज में दोनों आरोपी दिखाई दे रहे हैं। पुलिस फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है।
परिवार में मातम
पवन के शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल में रखा गया है। घटना के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। घर से कुछ ही दूरी पर हुई इस वारदात ने पूरे इलाके में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है।
पुलिस का कहना है कि आरोपियों से पूछताछ के बाद हत्या की वजह और वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं का खुलासा हो सकेगा।
यह भी पढ़ें :






















