
हैदर अली
रोहतास ब्यूरो (संचारटाइम्स.न्यूज)

रोहतास जिले में कांग्रेस पार्टी में भारी असंतोष देखने को मिल रहा है। कांग्रेस के जिलाध्यक्ष कन्हैया सिंह के खिलाफ पार्टी के कई कार्यकर्ताओं ने आज अलग से एक बैठक आयोजित की, जिसमें वर्तमान जिलाध्यक्ष पर कई गंभीर आरोप लगाए गए।
इस बैठक का आयोजन कांग्रेस कार्यकर्ता अमरेंद्र कुमार पांडे के नेतृत्व में एक निजी परिसर में किया गया, जिसमें जिले के कई कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। बैठक में मुख्य रूप से कन्हैया सिंह के खिलाफ गोलबंदी की गई और उन पर आरोप लगाया गया कि वह एक अधिवक्ता होने के कारण कार्यकर्ताओं और आम लोगों के लिए समय नहीं निकाल पा रहे हैं।
बैठक में यह भी कहा गया कि कन्हैया सिंह के नेतृत्व में अधिकांश प्रखंड अध्यक्ष और डेलीगेट्स असंतुष्ट हैं, और उन्हें कांग्रेस पार्टी के लिए काम करने में कोई प्रेरणा नहीं मिल रही है। इसके साथ ही कार्यकर्ताओं का कहना था कि कन्हैया सिंह के नेतृत्व में कांग्रेस रोहतास जिले में कमजोर हुई है, और पार्टी को पुनः मजबूत करने के लिए नए जिलाध्यक्ष की आवश्यकता है।
कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस नेतृत्व से मांग की है कि जल्द से जल्द जिले में नए जिलाध्यक्ष की नियुक्ति की जाए ताकि पार्टी का संगठन मजबूत हो सके।
