crossorigin="anonymous"> बिहार दिवस कार्यक्रम का प्रभातफेरी से आगाज, सांस्कृतिक कार्यक्रम का विधायक ने किया शुभारंभ - Sanchar Times

बिहार दिवस कार्यक्रम का प्रभातफेरी से आगाज, सांस्कृतिक कार्यक्रम का विधायक ने किया शुभारंभ

Spread the love

हैदर अली, रोहतास ब्यूरो, संचार टाइम्स

रोहतास जिला मुख्यालय सासाराम में रविवार को बिहार दिवस पूरे हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत रविवार सुबह भव्य प्रभात फेरी से की गई, जो रेलवे स्टेशन से शुरू होकर फजलगंज स्टेडियम तक गई। दरअसल प्रभात फेरी में विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी, छात्र-छात्राएं और स्थानीय नागरिक बड़ी संख्या में शामिल हुए। पूरे मार्ग में लोगों ने हाथों में तख्तियां और बैनर लेकर बिहार के गौरवशाली इतिहास, संस्कृति और विकास से जुड़े संदेश दिए।

बिहार दिवस गौरव का पल

प्रभात फेरी के दौरान जिला शिक्षा पदाधिकारी मदन राय ने बताया कि बिहार दिवस को लेकर जिले में व्यापक स्तर पर कार्यक्रम आयोजित किए गये हैं। प्रभात फेरी का उद्देश्य लोगों में बिहार के प्रति गर्व की भावना जगाना और राज्य के विकास में सहभागिता बढ़ाना है। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि बिहार दिवस के अवसर पर फजलगंज स्टेडियम में आयोजित विभिन्न सांस्कृतिक और शैक्षणिक कार्यक्रमों के विजेता प्रतिभागियों को जिला प्रशासन की ओर से पुरस्कृत भी किया जाएगा।

खेलकूद प्रतियोगिता व कवि सम्मेलन

वहीं प्रभात फेरी के पश्चात मुख्य कार्यक्रम स्थल पर विभिन्न प्रकार के खेलों जैसे खो-खो, साईकिल रेस, कुर्सी दौड़, स्पून रेस आदि का आयोजन किया गया तथा विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कृत भी किया गया। साथ हीं कवि सम्मेलन सह मुशायरा कार्यक्रम का भी आयोजन हुआ, जिसका लोगों ने खूब आनंद उठाया।

बिहार दिवस की संध्या पर सांस्कृतिक कार्यक्रम

इसके अलावा बिहार दिवस की संध्या पर डेहरी विधायक सोनू सिंह ने दीप प्रज्वलित कर बिहार दिवस कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया। कार्यक्रम के संबोधन में विधायक ने कहा कि 1912 में बिहार राज्य के गठन से लेकर अब तक अपना प्रदेश दिन दूनी रात चौगुनी तरक्की कर रहा है। बिहार की ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक विरासत को याद करते हुए प्रतिवर्ष 22 मार्च को बिहार दिवस पूरे प्रदेश में बड़े ही धूमधाम से मनाया जाता है। जिससे प्रदेशवासियों को गर्व की अनुभूति होती है। गौरतलब हो कि सांस्कृतिक कार्यक्रम में स्थानीय कलाकारों सहित स्कूली कलाकारों ने एक से बढ़कर एक प्रस्तुति दी तथा दर्शकों का खूब मनोरंजन किया। मौके पर एडीएम ललित भूषण रंजन, भूमि सुधार उपसमाहर्ता जफर आलम, वरीय उप समाहर्ता ओमप्रकाश लाल, डीटीओ विकास कुमार सहित अन्य जिला स्तरीय पदाधिकारी एवं एनसीसी कैडेट आदि उपस्थित रहे।


Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *