हैदर अली, संचार टाइम्स ब्यूरो
आम आदमी पार्टी के कर्मठ प्रत्याशी एवं समाजसेवी अरमान खान ने कहा कि स्वास्थ्य, शिक्षा और रोजगार उनके चुनाव के मुख्य मुद्दे हैं। उन्होंने दावा किया कि उन्हें जनता का भरपूर समर्थन मिल रहा है और यदि जनता का स्नेह, प्यार और आशीर्वाद मिला तो वे सबसे पहले रोजगार सृजन पर ध्यान देंगे ताकि युवाओं का पलायन रोका जा सके।
क्षेत्र-भ्रमण के दौरान एक विशेष भेंट में अरमान खान ने कहा कि सासाराम में आज भी अच्छी लाइब्रेरी की कमी है, जहाँ युवा अध्ययन कर सकें। उन्होंने वादा किया कि वे अपने विधानसभा क्षेत्र में जगह-जगह लाइब्रेरी और खेल मैदान का निर्माण कराएँगे, जिससे अध्ययन और खेल दोनों का माहौल तैयार हो सके और युवाओं की प्रतिभा को दिशा मिले।
अरमान खान ने कहा कि वे आप के राष्ट्रीय अध्यक्ष तथा दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के नक्शेकदम पर चलकर सासाराम के चहुँमुखी विकास का प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े लोगों को न्याय दिलाना और समाजवाद की अवधारणा को साकार करना है।
























