नेटफ्लिक्स के रियलिटी शो में सुनीता आहूजा ने शादी, अफवाहों और गोविंदा के साथ अपने रिश्ते पर बेबाकी से रखी बात
ST.News Desk
नई दिल्ली: अभिनेता गोविंदा की पत्नी सुनीता आहूजा नेटफ्लिक्स के रियलिटी शो ‘लॉक अप: सच या सजा’ में बतौर कंटेस्टेंट नजर आ रही हैं। शो के प्रीमियर एपिसोड में उन्होंने अपनी शादीशुदा जिंदगी, रिश्तों और वर्षों से जुड़ी चर्चाओं पर खुलकर बात की।
शो के दौरान होस्ट फराह खान ने सुनीता आहूजा से जुड़ी कुछ पुरानी मीडिया हेडलाइंस पढ़कर सुनाईं। इनमें एक बयान था, “मुझे गोविंदा जैसा बेटा चाहिए, पति नहीं।” इस पर प्रतिक्रिया देते हुए सुनीता ने कहा कि प्यार में कई चीजें सहनी पड़ती हैं। उन्होंने कहा कि गोविंदा के जीवन में कई अफेयर रहे और फिल्म इंडस्ट्री में ऐसी बातें आम मानी जाती हैं। हालांकि, इतने वर्षों तक साथ निभाने के बाद उन्हें लगता है कि गोविंदा जैसा बेटा होना चाहिए।
शो में को-होस्ट रितेश देशमुख ने एक और पुरानी हेडलाइन पढ़ी, जिसमें कहा गया था, “जब तक पति-पत्नी साथ हों तब तक अंखियों से गोली मारे, लेकिन जब कोई तीसरा आ जाए तो घुटनों पर गोली मारे।” इस पर सुनीता ने मुस्कुराते हुए कहा, “सुन रहे हो चीची (गोविंदा), सुन लेना। घुटनों पर गोली तभी लगती है जब कोई तीसरा रिश्ते में आ जाता है।”
उन्होंने आगे कहा कि उनके बारे में कई तरह की अफवाहें फैलाई गईं, जिनमें यह भी कहा गया कि उन्होंने किसी पर गोली चलाई थी। सुनीता ने इस दावे को खारिज करते हुए कहा कि जिस समय यह घटना बताई गई, उस समय वह मुंबई में नहीं थीं, बल्कि खाटू श्याम मंदिर में थीं।
गौरतलब है कि गोविंदा और सुनीता आहूजा की शादी वर्ष 1987 में हुई थी। दोनों ने करीब दो साल तक अपनी शादी को सार्वजनिक नहीं किया। बाद में बेटी टीना आहूजा के जन्म के बाद उन्होंने अपने रिश्ते को सार्वजनिक किया। इस दंपति का एक बेटा यशवर्धन आहूजा भी है।

