बलिहार, अलीगंज समेत कई गांवों की महिलाएं बसों से बक्सर रवाना, अंगवस्त्र देकर किया गया सम्मानित
सासाराम | रिपोर्ट/रविन्द्र मेहता | हैदर अली, रोहतास ब्यूरो चीफ
रोहतास के सूर्यपुरा प्रखंड में जीउतिया पर्व के अवसर पर बलिहार पंचायत के पूर्व मुखिया हीरालाल सिंह यादव की ओर से क्षेत्र की हजारों महिलाओं को गंगा स्नान के लिए बक्सर भेजने की व्यवस्था की गई। यह आयोजन उनकी दिवंगत पत्नी मालती देवी की स्मृति में किया गया। महिलाओं को बक्सर तक ले जाने के लिए कई बसों की व्यवस्था की गई थी। बलिहार, अलीगंज, सूर्यपुरा, बलिहार बाजार, चवरिया और खरोज समेत प्रखंड के विभिन्न गांवों से महिलाएं निर्धारित स्थानों पर पहुंचीं, जहां से उन्हें बसों के माध्यम से बक्सर के लिए रवाना किया गया।
महिलाओं को अंगवस्त्र देकर किया सम्मानित
जीउतिया पर्व के इस आयोजन के दौरान महिलाओं में खासा उत्साह देखने को मिला। बड़ी संख्या में महिलाएं कार्यक्रम स्थल पर पहुंचीं। बक्सर गंगा स्नान के लिए रवाना होने से पहले महिलाओं को अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया और पर्व की शुभकामनाएं दी गईं।
दिवंगत पत्नी मालती देवी की स्मृति में आयोजन
पूर्व मुखिया हीरालाल सिंह यादव के पुत्र महावीर यादव ने कहा कि उनकी मां मालती देवी का करीब दो वर्ष पहले निधन हो गया था। उनकी स्मृति में जीउतिया पर्व के अवसर पर महिलाओं को गंगा स्नान कराने की व्यवस्था की गई है। महावीर यादव ने कहा कि उनकी मां की याद में आयोजित यह कार्यक्रम उनके प्रति श्रद्धांजलि है। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम का उद्देश्य सामाजिक रूप से लोगों से जुड़ना और पर्व के अवसर पर महिलाओं को सुविधा उपलब्ध कराना है।
परिवार ने राजनीति से जोड़ने से किया इनकार
महावीर यादव ने कहा कि यह आयोजन किसी भी तरह से राजनीति से प्रेरित नहीं है। उन्होंने कहा कि चुनाव कब आता है और कब जाता है, यह अलग विषय है, लेकिन उनका परिवार हमेशा लोगों के सुख-दुख में साथ खड़ा रहा है। उन्होंने कहा कि रात हो या दिन, जरूरत के समय जब भी कोई पुकारता है, परिवार के लोग वहां पहुंचने का प्रयास करते हैं। उन्होंने कहा कि आगे भी जीउतिया, दशहरा और छठ सहित अन्य पर्वों पर परिवार सामाजिक रूप से लोगों के बीच जुड़ा रहेगा।
महावीर यादव ने कहा, “आज जितिया पर्व है और मेरी मां नहीं हैं। यही लोग अब मेरी मां हैं और इसी भावना के साथ यह कार्यक्रम किया गया है।”
महिलाओं की सुविधा के लिए बसों की व्यवस्था
रंजन यादव ने कहा कि जीउतिया पर्व महिलाओं के लिए विशेष महत्व रखता है। महिलाओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए गंगा स्नान के लिए बसों की व्यवस्था की गई। उन्होंने बताया कि विभिन्न गांवों से बड़ी संख्या में महिलाएं बक्सर के लिए रवाना हुईं। इस दौरान महिलाओं को अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया और जीउतिया पर्व की शुभकामनाएं दी गईं।
जीउतिया पर्व और आयोजन का उद्देश्य
जीउतिया पर्व पर महिलाएं अपने परिवार और संतान की सुख-समृद्धि तथा लंबी उम्र की कामना के साथ व्रत और पूजा करती हैं। सूर्यपुरा क्षेत्र में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं की भागीदारी रही। दिवंगत मालती देवी की स्मृति में किए गए इस आयोजन के माध्यम से परिवार ने सामाजिक सहभागिता का संदेश देने की बात कही।
























