STNews Desk : इंग्लैंड के स्टार बल्लेबाज जो रूट का मानना है कि भारतीय टीम के खिलाफ आगामी पांच टेस्ट मैचों की श्रृंखला में निरंतरता बनाए रखना जरूरी होगा, क्योंकि कठिन प्रतिद्वंद्वी का सामना करने के लिए सिर्फ एक अच्छा मैच काफी नहीं होता। रूट ने कहा कि भारतीय टीम के खिलाफ हर मैच में अच्छे प्रदर्शन की आवश्यकता होगी, खासकर जब यह पांच मैचों की लंबी श्रृंखला हो।
भारतीय टीम आगामी विश्व टेस्ट चैम्पियनशिप 2025-27 चक्र की शुरुआत इंग्लैंड के खिलाफ करेगी, और श्रृंखला का पहला टेस्ट 20 जून से हेडिंग्ले में खेला जाएगा। रूट ने स्काय स्पोटर्स से बातचीत करते हुए कहा, “हम अपने हालात में अच्छा खेलते हैं, लेकिन भारत जैसी टीम के खिलाफ यह श्रृंखला काफी चुनौतीपूर्ण होगी। प्रदर्शन में निरंतरता बेहद जरूरी होगी। आपको बार-बार मैच जीतने वाला प्रदर्शन करना होगा।”
इंग्लैंड के सबसे सफल टेस्ट कप्तान रूट ने, जो 2017 से 2022 तक टीम की कप्तानी संभाल चुके हैं, अपने अनुभवों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि कप्तान रहते हुए उन्होंने 64 टेस्ट मैचों में से 27 जीते, लेकिन 2021 के खराब दौर के बाद कप्तानी छोड़ने का फैसला किया। उस दौरान टीम केवल 17 में से एक टेस्ट मैच ही जीत सकी थी और ऑस्ट्रेलिया में एशेज श्रृंखला भी हार गई थी।
रूट ने कहा, “चैम्पियंस ट्रॉफी में हमारा प्रदर्शन निराशाजनक था। हम अपनी क्षमता के मुताबिक नहीं खेल पाए। लेकिन इस टीम में काफी प्रतिभा है और अब हमें नये सिरे से शुरुआत करके 2015 से 2019 तक जो बुलंदियां हमने हासिल की थीं, उन्हें फिर से छूने का समय है।”
रूट के बयान से साफ है कि इंग्लैंड टीम आगामी टेस्ट श्रृंखला को लेकर पूरी तरह से तैयार है और उन्हें भारतीय टीम के खिलाफ अपने प्रदर्शन को लगातार उच्च बनाए रखने का लक्ष्य रखना होगा।






















