दिल्ली में पेट्रोल ₹97.77 और डीजल ₹90.67 प्रति लीटर पहुंचा, तेल कंपनियों को अब भी ₹25-30 प्रति लीटर का घाटा
ST.News Desk
देशभर में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में ₹3-3 प्रति लीटर की बढ़ोतरी कर दी गई है। नई दरें 15 मई से लागू हो गई हैं। राजधानी दिल्ली में अब पेट्रोल ₹97.77 प्रति लीटर और डीजल ₹90.67 प्रति लीटर बिक रहा है। करीब दो साल बाद ईंधन के दामों में यह बढ़ोतरी की गई है। वहीं CNG की कीमतों में भी ₹2 प्रति किलो तक इजाफा हुआ है। दिल्ली में अब CNG ₹79.09 प्रति किलो मिलेगी।
अब भी उठाना पड़ रहा है नुकसान
तेल कंपनियों का कहना है कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में तेज उछाल के कारण उन्हें अब भी पेट्रोल और डीजल पर ₹25-30 प्रति लीटर तक का नुकसान उठाना पड़ रहा है। ईरान-अमेरिका युद्ध के बाद क्रूड ऑयल की कीमतें 70 डॉलर प्रति बैरल से बढ़कर 100 डॉलर के पार पहुंच गई हैं, जिससे कंपनियों पर दबाव बढ़ा है।
डीजल के दाम बढ़ने से सीधा असर आम आदमी की जेब पर
डीजल के दाम बढ़ने का असर सीधे आम आदमी की जेब पर पड़ सकता है। ट्रांसपोर्ट महंगा होने से दूसरे राज्यों से आने वाली सब्जियां, फल और राशन की कीमतें बढ़ सकती हैं। किसानों के लिए ट्रैक्टर और सिंचाई पंप चलाने की लागत भी बढ़ेगी, जिससे कृषि उत्पादन महंगा हो सकता है। इसके अलावा बस, ऑटो और स्कूल वाहनों के किराए में भी बढ़ोतरी की संभावना जताई जा रही है।
पड़ोसी देशों में बढ़े दाम, भारत में अब हुआ इजाफा
सरकार अब तक पश्चिम एशिया में जारी युद्ध और वैश्विक तेल संकट का हवाला देते हुए कीमतों को स्थिर रखे हुए थी। पाकिस्तान, नेपाल और श्रीलंका जैसे पड़ोसी देशों में पहले ही पेट्रोल-डीजल 15% से 20% तक महंगे हो चुके थे, जबकि भारत में लंबे समय तक उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त बोझ नहीं डाला गया।
गौरतलब है कि मार्च 2024 के बाद से देश में पेट्रोल और डीजल के दामों में कोई बदलाव नहीं हुआ था। लोकसभा चुनाव 2024 से ठीक पहले सरकार ने जनता को राहत देते हुए ₹2 प्रति लीटर की कटौती की थी। हालांकि भारत में तकनीकी रूप से ईंधन की कीमतें अंतरराष्ट्रीय क्रूड ऑयल की औसत कीमतों के आधार पर रोजाना तय होती हैं, लेकिन राजनीतिक और आर्थिक परिस्थितियों के चलते लंबे समय तक दरों में बदलाव नहीं किया गया।

