रांची: झारखंड की राजधानी रांची में पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक पिकअप वैन से करीब 200 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। जब्त गांजे की अनुमानित बाजार कीमत करीब एक करोड़ रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने इस मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, गुप्त सूचना के आधार पर शुक्रवार शाम डोडेया मोड़ के पास एक पिकअप वैन को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान वाहन से भारी मात्रा में गांजा बरामद हुआ। गांजे को प्लास्टिक के कई पैकेटों में लपेटकर रखा गया था।
ओडिशा से झारखंड लाया गया था गांजा
रांची के ग्रामीण पुलिस अधीक्षक गौरव गोस्वामी ने पीटीआई-भाषा को बताया कि बरामद गांजा ओडिशा से लाया जा रहा था। गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपी झारखंड के रहने वाले हैं।
पुलिस के अनुसार, जब्त मादक पदार्थ का वजन करीब 200 किलोग्राम है। एक अन्य अधिकारी ने इसकी अनुमानित बाजार कीमत करीब एक करोड़ रुपये बताई है।
तस्करी के नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस
इस कार्रवाई के बाद पुलिस अब गांजे की तस्करी से जुड़े पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है। यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि गांजा ओडिशा में कहां से लाया गया था और झारखंड में इसकी आपूर्ति किन लोगों तक की जानी थी।
फिलहाल गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ और मामले की आगे की जांच जारी है। पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान तस्करी से जुड़े अन्य लोगों के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है।






















