crossorigin="anonymous"> रोहतास जिला कांग्रेस में घमासान, अमरेंद्र पांडे के खिलाफ बगावत, सत्येंद्र दुबे को स्वघोषित जिलाध्यक्ष घोषित - Sanchar Times

रोहतास जिला कांग्रेस में घमासान, अमरेंद्र पांडे के खिलाफ बगावत, सत्येंद्र दुबे को स्वघोषित जिलाध्यक्ष घोषित

Spread the love

हैदर अली, संचार टाइम्स ब्यूरो रोहतास

सासाराम से बड़ी राजनीतिक खबर सामने आ रही है, जहां रोहतास जिला कांग्रेस में जबरदस्त आंतरिक घमासान शुरू हो गया है। कांग्रेस के ही एक गुट ने वर्तमान जिलाध्यक्ष अमरेंद्र कुमार पांडे के खिलाफ विद्रोह का बिगुल फूंक दिया है।

जानकारी के अनुसार, नौहट्टा के प्रखंड अध्यक्ष सत्येंद्र दुबे के नेतृत्व में 19 में से करीब 12 से 13 प्रखंड अध्यक्षों ने एकजुट होकर नया खेमा बना लिया है और सत्येंद्र दुबे को स्वघोषित जिलाध्यक्ष घोषित कर दिया है। इस फैसले की घोषणा सासाराम के जगजीवन आश्रम में आयोजित एक सम्मान समारोह के दौरान की गई, जहां मतदाता अधिकार यात्रा में सहयोग देने वाले कार्यकर्ताओं को सम्मानित किया जा रहा था।

कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ता दो गुटों में बंट गए और देखते ही देखते एक खेमा अमरेंद्र पांडे के खिलाफ नारेबाजी और विरोध करने लगा। इसके तुरंत बाद सत्येंद्र दुबे को नया अध्यक्ष बनाने का प्रस्ताव पारित कर दिया गया, जिसे जल्द ही पार्टी के आलाकमान को भेजे जाने की बात कही गई।

बागी गुट ने अमरेंद्र कुमार पांडे पर कई गंभीर आरोप लगाए हैं, हालांकि उन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि अब तक नहीं हुई है। यह भी उल्लेखनीय है कि पिछले कुछ महीनों से असंतोष के सुर पार्टी के अंदर सुनाई दे रहे थे, लेकिन आज की घटना ने साफ कर दिया कि संगठनात्मक संकट अब खुलकर सामने आ चुका है।

सत्येंद्र दुबे, (बागी खेमा नेता) – “कई महीनों से कार्यकर्ताओं की उपेक्षा हो रही थी। संगठन ठप पड़ा है, इसलिए हमने नया नेतृत्व चुना है।”
धनंजय मेहता, (कांग्रेस कार्यकर्ता, सासाराम) – “कांग्रेस के अंदर लोकतंत्र है। अगर कार्यकर्ता असंतुष्ट हैं, तो उन्हें अपनी बात कहने का हक है।”

अब देखना होगा कि कांग्रेस का प्रदेश और केंद्रीय नेतृत्व इस विद्रोह पर क्या कदम उठाता है, क्योंकि यह विवाद जिला संगठन को गंभीर रूप से प्रभावित कर सकता है।


Spread the love