सासाराम | रिपोर्ट: हैदर अली, रोहतास ब्यूरो चीफ
सासाराम: नवरात्रि और दशहरा को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सासाराम में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। नगर थाना के पुराने परिसर में एसडीएम प्रिया रानी की अध्यक्षता में हुई बैठक में नगर पूजा समिति, मोहर्रम कमेटी और विभिन्न पूजा पंडालों के लाइसेंसधारी शामिल हुए।
बैठक में दुर्गा पूजा के दौरान शहर की विधि-व्यवस्था बनाए रखने, मेले में उमड़ने वाली भीड़ को नियंत्रित करने और श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर चर्चा की गई। प्रशासन ने पर्व के दौरान सतर्कता बरतने और सभी जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
ड्रोन कैमरे से होगी निगरानी
बैठक में बताया गया कि इस बार पूजा और मेले के दौरान ड्रोन कैमरों की मदद से निगरानी की जाएगी। असामाजिक तत्वों पर नजर रखने के लिए गुप्तचर भी लगाए गए हैं। इनके माध्यम से सूचनाएं जुटाकर कंट्रोल रूम तक पहुंचाई जाएंगी, ताकि जरूरत पड़ने पर समय रहते कार्रवाई की जा सके।
सफाई, रोशनी और यातायात पर चर्चा
नवरात्रि से लेकर दुर्गा पूजा और प्रतिमा विसर्जन तक की व्यवस्था को लेकर रणनीति बनाई गई। पूजा पंडालों और मेला क्षेत्रों में साफ-सफाई, पर्याप्त रोशनी, भीड़ नियंत्रण, यातायात व्यवस्था, मेडिकल टीम की उपलब्धता और पेयजल जैसे मुद्दों पर भी विचार-विमर्श किया गया।
प्रशासन ने तैयारियों पर दिया जोर
बैठक का उद्देश्य त्योहार के दौरान श्रद्धालुओं को सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराना और शहर में शांति एवं सौहार्द बनाए रखना रहा। प्रशासन ने पूजा समितियों और संबंधित पक्षों के साथ समन्वय बनाकर व्यवस्था संभालने पर चर्चा की।
























