हैदर अली
रोहतास ब्यूरो (संचारटाइम्स.न्यूज)
सासाराम में शुक्रवार की देर रात जन्मदिन मना रहे युवकों और यातायात डीएसपी के बीच हुई झड़प के बाद हुए गोलीकांड में एक युवक की मौत के मामले में आज बिहार सरकार के श्रम संसाधन मंत्री संतोष सिंह ने घटनास्थल का जायजा लिया। इसके बाद उन्होंने एक प्रेस वार्ता की, जिसमें उन्होंने इस मामले में अपनी प्रतिक्रिया दी।
संतोष सिंह ने कहा कि अगर बादल सिंह का कातिल डीएसपी आदिल बेलाल है, तो संविधान के प्रावधानों के अनुसार उसे सजा मिलेगी, और इसके लिए कोई भी ताकत उसे नहीं रोक सकती। मंत्री ने यह भी स्पष्ट किया कि मामले की जांच सक्षम जांच एजेंसी से कराई जाएगी और किसी भी हालत में मृतक बादल को न्याय दिलाया जाएगा।
उन्होंने कहा, “पुलिस पदाधिकारी पर जांच की प्रक्रिया चल रही है, और इसे संविधान के अनुसार ही निपटाया जाएगा। इस सरकार का कोई भी उद्देश्य नहीं है कि किसी को बचाया जाए या फंसाया जाए। बिहार सरकार का प्रशासन पूरी तरह से सक्षम है, और निष्पक्ष रूप से किसी भी मामले की जांच कर सकता है।”
संतोष सिंह ने यह भी कहा कि स्थानीय पुलिस तमाम बिंदुओं पर जांच कर रही है और जल्द ही दूध का दूध और पानी का पानी सामने आएगा।