
हैदर अली
सासाराम (संचारटाइम्स.न्यूज)

रोहतास जिले के नोखा थाना क्षेत्र में आज सोमवार को रामनवमी की जुलूस निकाली गई। इस दौरान जुलूस में शामिल लोगों ने डीजे बजाने से रोकने और पहले से तय रूट के अलावा दूसरे रूट से जुलूस ले जाने को लेकर विरोध करना शुरू कर दिया। जुलूस के लोग नोखा बाजार में सासाराम से आरा जाने वाली सड़क पर बैठ गए और सड़क जाम करने की कोशिश की।
इस दौरान जुलूस में शामिल लोगों ने स्थानीय प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की और प्रशासन पर ज्यादती का आरोप लगाया। उनका कहना था कि जुलूस में शामिल कई झांकियों को विभिन्न रास्तों पर रोक दिया गया है। नगर पूजा समिति के लोगों का यह भी आरोप था कि प्रशासन हर साल की तरह इस बार भी जुलूस को लेकर नई गाइडलाइंस जारी कर रहा है, और कई जत्थों को रास्ते में रोक दिया गया है।
रवि शंकर सिंह, नगर पूजा समिति के अध्यक्ष ने कहा कि नोखा में हर साल प्रशासन द्वारा लाइसेंस जारी किया जाता है, जिसके आधार पर रामनवमी की जुलूस एक दिन बाद निकलती है। बावजूद इसके इस बार प्रशासन द्वारा मनमाने प्रतिबंध लगाए गए हैं।
स्थानीय पुलिस प्रशासन ने समझाने का प्रयास किया, लेकिन जुलूस में शामिल लोग पुलिस को वापस जाने की बात कह रहे हैं। प्रशासन द्वारा लोगों को समझाने की कोशिश जारी है, लेकिन स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है।
