
सासाराम
हैदर अली, रोहतास ब्यूरो संचार टाइम्स

आम आदमी पार्टी (आप) के महिला प्रकोष्ठ की प्रदेश अध्यक्ष रूबी सिंह आज सासाराम पहुंचीं और परिसदन में पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक के दौरान आगामी 17 जून को पटना में होने वाले धरना प्रदर्शन को लेकर रणनीति पर चर्चा की गई।
रूबी सिंह ने जानकारी दी कि 17 जून को आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह बिहार दौरे पर आ रहे हैं। इस दौरान वे पटना के गर्दनीबाग में एक धरना कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। उन्होंने बताया कि दिल्ली में जिस तरह से बिहारियों की झुग्गी-झोपड़ियों को तोड़ा जा रहा है, उसके खिलाफ यह आंदोलन किया जाएगा।
रूबी सिंह ने चेतावनी दी कि अगर दिल्ली सरकार बिहारी समुदाय को बेघर करने का प्रयास करेगी, तो भाजपा को बिहार से बेदखल कर दिया जाएगा। उन्होंने इसे आम आदमी पार्टी की ओर से बिहार में एक बड़े आंदोलन की शुरुआत बताया।
इस बैठक में पार्टी के जिला अध्यक्ष तेज प्रताप यादव भी उपस्थित रहे और कार्यकर्ताओं से धरना कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की। पार्टी का लक्ष्य इस आंदोलन के माध्यम से भाजपा सरकार पर दबाव बनाना और दिल्ली में बिहारियों के खिलाफ हो रहे अन्याय को उजागर करना है।
