crossorigin="anonymous"> अमरनाथ यात्रा फिर से शुरू, बालटाल में पत्थर गिरने से एक महिला की मौत के बाद एक दिन के लिए स्थगित हुई थी यात्रा - Sanchar Times

अमरनाथ यात्रा फिर से शुरू, बालटाल में पत्थर गिरने से एक महिला की मौत के बाद एक दिन के लिए स्थगित हुई थी यात्रा

Spread the love

ST.News Desk : कश्मीर घाटी में भारी बारिश और गांदरबल ज़िले के बालटाल मार्ग पर पत्थर गिरने से हुई एक महिला श्रद्धालु की मौत और तीन अन्य लोगों के घायल होने के बाद गुरुवार को अमरनाथ यात्रा को अस्थायी रूप से रोक दिया गया था। लेकिन राहत की बात यह है कि एक दिन के बाद शुक्रवार को यह पवित्र यात्रा फिर से शुरू कर दी गई है।

अधिकारियों के अनुसार, सुबह 3:30 बजे से 4:25 बजे के बीच, 7,908 तीर्थयात्रियों का 16वां जत्था जम्मू के भगवती नगर आधार शिविर से बालटाल और पहलगाम के लिए रवाना हुआ। इस जत्थे में 5,957 पुरुष, 1,613 महिलाएं, 26 बच्चे, और 310 साधु-साध्वियां शामिल हैं। यात्रा की सुरक्षा के लिए सीआरपीएफ और पुलिस बल के जवान तैनात हैं। दो अलग-अलग मार्गों से यात्रा जारी: बालटाल मार्ग: 92 वाहनों में सवार होकर 2,879 तीर्थयात्री गांदरबल जिले के छोटे लेकिन कठिन 14 किमी लंबे बालटाल मार्ग से रवाना हुए।

पहलगाम मार्ग: 169 वाहनों में 5,029 श्रद्धालु पारंपरिक 48 किमी लंबे पहलगाम रूट से निकले। अधिकारियों ने यह भी बताया कि अब तक कुल 1,09,461 तीर्थयात्री जम्मू से घाटी के लिए रवाना हो चुके हैं। जबकि चार लाख से अधिक लोगों ने ऑनलाइन पंजीकरण करवा लिया है।

एक दिन पहले का हादसा : गुरुवार को यात्रा मार्ग पर भारी बारिश के कारण भूस्खलन हुआ था। गांदरबल जिले के बालटाल रूट पर एक चट्टान गिरने से एक महिला श्रद्धालु की मौत हो गई थी, और तीन लोग घायल हो गए थे। यह इस वर्ष की यात्रा का पहला ऐसा मौका था जब इसे मौसम और सुरक्षा कारणों से स्थगित करना पड़ा।

जम्मू-कश्मीर प्रशासन, मौसम विभाग की सलाह पर लगातार नजर बनाए हुए है और तीर्थयात्रियों की सुरक्षा के लिए हर आवश्यक कदम उठा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि स्थिति सामान्य होते ही यात्रा को तुरंत पुनः आरंभ कर दिया जाता है, जिससे श्रद्धालुओं की आस्था और सुरक्षा दोनों सुनिश्चित हो सकें।


Spread the love