ऑपरेशन ‘त्राशी-1’ में सुरक्षाबलों की बड़ी कामयाबी, दो AK-47 बरामद
ST.News Desk
किश्तवाड़: जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले में सुरक्षाबलों ने बड़े आतंकवाद-रोधी अभियान के तहत दो आतंकियों को मार गिराया है। मारे गए आतंकियों में प्रतिबंधित संगठन जैश-ए-मोहम्मद का एक शीर्ष कमांडर भी शामिल बताया जा रहा है।
सूत्रों के मुताबिक, क्षेत्र में जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े दो संदिग्ध पाकिस्तानी आतंकवादियों की मौजूदगी की खुफिया सूचना मिली थी। इसके बाद सेना, जम्मू-कश्मीर पुलिस और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) की संयुक्त टीमों ने ‘ऑपरेशन त्राशी-1’ के तहत सर्च ऑपरेशन शुरू किया।
चतरू बेल्ट के पास मुठभेड़
अधिकारियों के अनुसार, रविवार सुबह करीब 10:30 बजे चतरू बेल्ट के पासेरकुट इलाके में आतंकियों और सुरक्षाबलों के बीच मुठभेड़ शुरू हुई। एक पहाड़ी पर स्थित मिट्टी के घर में छिपे आतंकियों ने जवानों को पास आता देख अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई में दोनों आतंकवादी ढेर कर दिए गए।
सूत्रों ने बताया कि मारे गए आतंकियों में सैफुल्लाह नाम का एक टॉप कमांडर भी शामिल है।
हथियार और गोला-बारूद बरामद
सुरक्षाबलों ने मुठभेड़ स्थल से दो AK-47 राइफलें, भारी मात्रा में गोला-बारूद और अन्य आपत्तिजनक सामग्री बरामद की है। पूरे इलाके को घेरकर तलाशी अभियान जारी है ताकि किसी भी संभावित छिपे आतंकी को पकड़ा जा सके।
अधिकारियों ने बताया कि ऑपरेशन अभी जारी है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। सुरक्षाबलों की इस कार्रवाई को घाटी में सक्रिय आतंकवादी नेटवर्क के खिलाफ एक बड़ी सफलता माना जा रहा है।

