crossorigin="anonymous"> यूपी सिपाही भर्ती परीक्षा : दूसरे दिन 7.32 लाख अभ्यर्थी शामिल, नकल और फर्जीवाड़े पर सख्त कार्रवाई - Sanchar Times

यूपी सिपाही भर्ती परीक्षा : दूसरे दिन 7.32 लाख अभ्यर्थी शामिल, नकल और फर्जीवाड़े पर सख्त कार्रवाई

Spread the love

लखनऊ, 9 जून: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा आयोजित आरक्षी नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों की सीधी भर्ती-2025 की लिखित परीक्षा का दूसरा दिन भी शांतिपूर्ण और पारदर्शी तरीके से संपन्न हुआ। प्रदेश के सभी 75 जिलों में बनाए गए 1183 परीक्षा केंद्रों पर दो पालियों में परीक्षा आयोजित की गई, जिसमें लाखों अभ्यर्थियों ने हिस्सा लिया।

उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड के डीजी एसबी शिरडकर के अनुसार, दूसरे दिन दोनों पालियों में कुल 9,62,833 अभ्यर्थियों को परीक्षा के लिए बुलाया गया था। इनमें से 7,32,731 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए, जबकि कुल उपस्थिति 76.10 प्रतिशत दर्ज की गई।

कड़ी निगरानी में हुई परीक्षा

योगी सरकार ने भर्ती परीक्षा को नकलविहीन और निष्पक्ष बनाने के लिए व्यापक सुरक्षा व्यवस्था लागू की है। परीक्षा केंद्रों पर बायोमेट्रिक सत्यापन, सीसीटीवी निगरानी, फ्रिस्किंग, पहचान सत्यापन और सोशल मीडिया मॉनिटरिंग जैसी व्यवस्थाएं की गईं। इन सख्त इंतजामों के चलते दूसरे दिन भी नकल और फर्जीवाड़े के कई मामलों का समय रहते खुलासा हुआ।

हरदोई में मोबाइल और प्रश्नपत्र के साथ अभ्यर्थी गिरफ्तार

हरदोई के वेणी माधव विद्यापीठ इंटर कॉलेज में परीक्षा दे रहे अभ्यर्थी रोहित पथौरी को नकल के उद्देश्य से छिपाकर लाए गए मोबाइल फोन और पुराने प्रतियोगी परीक्षा के प्रश्नपत्रों के साथ पकड़ा गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ उत्तर प्रदेश सार्वजनिक परीक्षा (अनुचित साधनों का निवारण) अधिनियम-2024 और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया।

अलीगढ़ और मुजफ्फरनगर में फर्जी अभ्यर्थियों का भंडाफोड़

अलीगढ़ के धर्म समाज महाविद्यालय परीक्षा केंद्र पर एक व्यक्ति फर्जी आधार कार्ड के जरिए दूसरे अभ्यर्थी की जगह परीक्षा देने पहुंचा था। जांच के दौरान मामला सामने आने पर आरोपी और उसके सहयोगी को गिरफ्तार कर लिया गया।

वहीं, मुजफ्फरनगर के डीएवी इंटर कॉलेज में भी एक व्यक्ति कूटरचित आधार कार्ड के सहारे दूसरे अभ्यर्थी के स्थान पर परीक्षा देता हुआ पकड़ा गया। दोनों मामलों में भारतीय न्याय संहिता और सार्वजनिक परीक्षा अधिनियम के तहत एफआईआर दर्ज की गई है।

कानपुर में इलेक्ट्रॉनिक गैजेट के साथ अभ्यर्थी पकड़ा गया

कानपुर के सिद्दीकी फैज-ए-आम इंटर कॉलेज मखनिया में दूसरी पाली की परीक्षा शुरू होने से पहले फ्रिस्किंग के दौरान एक अभ्यर्थी इलेक्ट्रॉनिक गैजेट लेकर परीक्षा केंद्र में प्रवेश करने का प्रयास करता पकड़ा गया। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वाले पर शिकंजा

परीक्षा के दौरान सोशल मीडिया पर भ्रामक और तथ्यहीन वीडियो प्रसारित करने के मामले में भी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की। इंस्टाग्राम पर फर्जी वीडियो पोस्ट करने वाले अमरोहा निवासी इन्द्रजीत को गिरफ्तार किया गया है। उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।

नकल माफिया पर जीरो टॉलरेंस

उत्तर प्रदेश सरकार ने स्पष्ट किया है कि भर्ती परीक्षाओं की शुचिता से समझौता नहीं किया जाएगा। पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड ने कहा है कि नकल, प्रतिरूपण, इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के उपयोग और सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने जैसी गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी। सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति के तहत भर्ती प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी और निष्पक्ष बनाए रखने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।


Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *