
रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने कहा, दोनों देशों के बीच रणनीतिक साझेदारी आज पहले से कहीं अधिक प्रासंगिक है
रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने बृहस्पतिवार को कहा कि भारत और फ्रांस के बीच साइबर, अंतरिक्ष तथा कृत्रिम मेधा (एआई) जैसे क्षेत्रों में सहयोग की संभावनाओं पर चर्चा हुई। साथ ही रक्षामंत्री ने कहा, दोनों देशों के बीच रणनीतिक साझेदारी आज पहले से कहीं अधिक प्रासंगिक है। दोनों देश इन्हें ‘नई ऊंचाइयों’ पर ले जाने को लेकर उत्सुक हैं।
रक्षामंत्री सिंह और फ्रांस के सशस्त्र बलों के मंत्री सेबस्टियन लेकोनरू के बीच बुधवार को पेरिस में पांचवीं वाषिर्क भारत-फ्रांस रक्षा वार्ता के दौरान गहन चर्चा हुई, जिसमें रक्षा औद्योगिक सहयोग बढ़ाने पर ध्यान केंद्रित किया गया। रक्षा मंत्रालय ने बृहस्पतिवार को कहा, दोनों मंत्रियों ने रक्षा औद्योगिक सहयोग बढ़ाने पर ध्यान देने के साथ क्षेत्रीय स्थिति के आकलन से लेकर मौजूदा सैन्य संपकरे तक कई विषयों पर चर्चा की। सिंह ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर अपने पोस्ट में लेकोनरू के साथ बैठक को ‘बेहतरीन’ करार दिया। सिंह ने कहा, फ्रांस के सशस्त्र बलों के मंत्री सेबस्टियन लेकोनरू के साथ पेरिस में मुलाकात बेहतरीन रही। उन्होंने कहा, भारत और फ्रांस के बीच रणनीतिक साझेदारी वर्षो और प्रगाढ़ हुई है और आज यह पहले से कहीं अधिक प्रासंगिक है। हम इस साझेदारी को नई ऊंचाइयों पर ले जाने को लेकर उत्सुक हैं।
मंत्रालय ने कहा, सिंह और लेकोनरू ने रक्षा परियोजनाओं की समीक्षा की और दोनों देशों के रक्षा उद्योगों के बीच सहयोग को प्रगाढ़ करने के तरीकों पर चर्चा की। मंत्रालय ने कहा, उन्होंने अंतरिक्ष, साइबर और कृत्रिम मेधा जैसे प्रमुख क्षेत्रों में संभावित सहयोग पर भी चर्चा की। इससे पहले रक्षामंत्री ने बुधवार को पेरिस के निकट स्थित फ्रांसीसी कंपनी सफरान के जेट इंजन विनिर्माण केंद्र का दौरा किया और एयरो-इंजन प्रौद्योगिकी में हो रहे नवीनतम विकास का अवलोकन किया।

