
रांची। राजधानी रांची समेत पूरे राज्य में इन दिनों कोहरे और शीतलहर का असर देखा जा रहा है। गत दिनों हुई हल्की बूंदाबांदी के बाद जहां कोहरे का असर बढ़ गया है वहीं दूसरी ओर बादल छंटते ही ठंड का असर भी बढ़ गया है।

उत्तर पश्चिमी दिशा से आ रही ठंडी हवा और पर्यावरण में नमी के बढ़ते असर ने रांची का तापमान गिरा दिया है। हालांकि दोपहर को धूप के कारण आमजन गुलाबी ठंड का लुत्फ उठा रहे हैं लेकिन शाम ढ़लते ही ठंड का असर बढ़ जाता है और देर रात न्यूनतम तापमान गिरकर 6 से 7 डिग्री तक पहुंच जाता है।
मौसम विज्ञान केंद्र रांची ने बढ़ते ठंड को लेकर यलो अलर्ट जारी किया है। कनकनी के कारण लोगों का रात्रि पहर बाहर निकलना दूभर हो गया है। सुबह होते ही रांची और पूरे राज्य में कोहरे का असर बढ़ जाता है। बढ़ती ठंड के कारण राज्य सरकार ने भी स्कूलों की टाइमिंग में बदलाव का दिशा निर्देश जारी किया है।
दुर्घटनाओं की संभावना बनी रहेगी
वहीं वरीय विज्ञानी अभिषेक आनंद ने बताया कि बढ़ते कोहरे के असर के कारण सड़क मार्ग से यात्रा करने वालों के लिए भी अलर्ट जारी किया गया है। राज्य में घने कोहरे का असर आगामी दिनों भी देखने को मिलेगा, इस कारण दुर्घटनाओं की संभावना बनी रहेगी।
उन्होंने बताया कि राज्य के उत्तर पूर्वी हिस्से यानी देवघर, दुमका, गोड्डा, पाकुड़, गिरिडीह, जामताड़ा और साहेबगंज, दक्षिणी हिस्से यानी पूर्वी व पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा और सरायकेला खरसावां, निकटवर्ती मध्य हिस्से यानी रांची, रामगढ़, हजारीबाग, गुमला, बोकारो और खूंटी में अगले तीन से चार दिनों तक कोहरे का असर देखने को मिलेगा।
साथ ही कहीं कहीं हल्की वर्षा होने की भी संभावना है। इसे लेकर यलो अलर्ट भी जारी किया गया है। मौसम विज्ञान केंद्र रांची ने लोगों को मौसमीय बदलाव को देखते हुए सतर्क रहने की हिदायत दी है।
बताया गया कि बंगाल की खाड़ी में बने सर्कुलेटरी सिस्टम के कारण राज्य के दक्षिणी व निकटवर्ती मध्य हिस्से में कहीं कहीं हल्की वर्षा होने की संभावना है। 24 जनवरी तक पूरे राज्य में घना कोहरे का असर देखने को मिलेगा।
3.2 डिग्री गुमला का रिकॉर्ड किया गया
पिछले 24 घंटे के मौसम की बात करें तो रांची समेत पूरे राज्य का मौसम शुष्क बना रहा। जबकि पूर्वी, दक्षिणी और मध्य हिस्सों में कोहरे का असर देखा गया।
सबसे अधिक अधिकतम तापमान 24.4 डिग्री जमशेदपुर का जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 3.2 डिग्री गुमला का रिकॉर्ड किया गया। वहीं राजधानी की बात करें तो अधिकतम 22.4 और न्यूनतम 7.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
