
हैदर अली
रोहतास ब्यूरो (संचारटाइम्स.न्यूज)

रोहतास जिले के दिनारा थाना क्षेत्र में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां पत्नी ने अपने प्रेमी के माध्यम से अपने पति की हत्या करवा दी और शव को नहर में फेंकवा दिया। पुलिस ने मृतक के पत्नी और उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है।
बिक्रमगंज के एसडीपीओ कुमार संजय ने प्रेस वार्ता में बताया कि मृतक अभिषेक राय का शव नहर से बरामद किया गया। पुलिस ने जांच के बाद अभिषेक की पत्नी सीमा देवी और उसके प्रेमी संजय गुप्ता को गिरफ्तार किया।
मृतक अभिषेक राय और संजय गुप्ता एक ही मकान में अलग-अलग कमरों में रहते थे, जिससे दोनों में पहचान हो गई थी। इस दौरान संजय गुप्ता और अभिषेक की पत्नी सीमा देवी के बीच प्रेम संबंध विकसित हो गए। सीमा देवी ने अपने पति की हत्या की साजिश रचने के बाद अपने प्रेमी संजय गुप्ता के माध्यम से उसे मारने का योजना बनाई।
एसडीपीओ कुमार संजय ने बताया कि पहले संजय गुप्ता ने अभिषेक को शराब पिलाई, फिर उसका गला रेत दिया। जब अभिषेक की मौत नहीं हुई तो संजय ने बांस के फट्टे से उसका गला दबा दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद शव को चौसा केनाल नहर में फेंक दिया गया।
चौंकाने वाली बात यह है कि इस घटना के बाद सीमा देवी और संजय गुप्ता थाने पर अपहरण की शिकायत लेकर पहुंचे थे, लेकिन मृतक के भाई संतोष राय ने संजय गुप्ता पर अपने भाई को गायब करने का शक जताया। इस पर पुलिस ने अपहरण का मामला दर्ज कर जांच शुरू की और अंत में अभिषेक का शव नहर से बरामद हुआ।
पूछताछ में संजय गुप्ता ने सारी सच्चाई उगल दी और पुलिस ने सीमा देवी को भी गिरफ्तार कर लिया। मृतक अभिषेक राय सासाराम के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के इंद्रहियां का निवासी था, जबकि हत्यारा संजय गुप्ता दिल्ली के त्रिलोकपुरी सरोडा का निवासी था और दिनारा में व्यवसाय कर रहा था।
बाइट – कुमार संजय (एसडीपीओ, बिक्रमगंज, रोहतास)
