केरल के पलक्कड में चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कांग्रेस और वाम दलों पर तीखा प्रहार किया। उन्होंने राज्यों की आर्थिक स्थिति, विकास कार्यों और पश्चिम एशिया में जारी संकट को लेकर अपनी सरकार की प्राथमिकताओं को भी सामने रखा।
ST.News Desk
केरल विधानसभा चुनाव के मद्देनज़र पलक्कड में आयोजित रैली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कांग्रेस और वामपंथी दलों के शासन पर सवाल उठाते हुए कहा कि जहां भी ये दल सत्ता में आते हैं, वहां विकास के बजाय बर्बादी देखने को मिलती है।
उन्होंने कहा, “कांग्रेस और वामपंथियों का ट्रैक रिकॉर्ड रहा है कि जहां भी वे सत्ता में आते हैं, सब कुछ बर्बाद कर देते हैं। देश ने देखा है कि वामपंथियों ने पश्चिम बंगाल और त्रिपुरा में क्या किया, और कांग्रेस ने देशभर में किस तरह शासन किया।” केरल की स्थिति का जिक्र करते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य आर्थिक संकट से जूझ रहा है। उन्होंने सरकारी कर्मचारियों के वेतन में देरी, महंगाई भत्ते (DA) और लीव एनकैशमेंट के बकाया भुगतान को लेकर उठे विवादों का हवाला दिया।
प्रधानमंत्री ने कहा कि कांग्रेस जहां विपक्ष में होती है, वहां वाम दलों पर आरोप लगाती है, लेकिन जहां खुद सत्ता में होती है, वहां भी हालात बेहतर नहीं हैं। उन्होंने कर्नाटक और हिमाचल प्रदेश का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां भी आर्थिक चुनौतियां बनी हुई हैं।
पश्चिम एशिया में जारी तनाव का जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत सरकार इस बात के लिए लगातार प्रयास कर रही है कि इसका असर देश पर कम से कम पड़े। उन्होंने बताया कि पश्चिम एशिया में काम कर रहे भारतीयों की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
उन्होंने कहा, “युद्ध की शुरुआत से ही मैं विभिन्न देशों के राष्ट्राध्यक्षों के संपर्क में हूं और सभी देश वहां फंसे भारतीयों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में सहयोग कर रहे हैं।” प्रधानमंत्री ने यह भी बताया कि विदेशों में भारतीय दूतावास 24 घंटे काम कर रहे हैं ताकि किसी भी भारतीय को परेशानी का सामना न करना पड़े।
कांग्रेस पर निशाना साधते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि संवेदनशील अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर पार्टी के कुछ बयान गैर-जिम्मेदाराना हैं और इससे खाड़ी देशों में रह रहे करीब एक करोड़ भारतीयों की सुरक्षा पर खतरा पैदा हो सकता है।

