सदर बाजार में फायरिंग के मामले में वांछित थे दोनों आरोपी, पुलिस की जवाबी कार्रवाई में पैर में लगी गोली
नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस के सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट के स्पेशल स्टाफ ने सदर बाजार इलाके में हुई फायरिंग के मामले में वांछित दो आरोपियों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपी पहले भी हत्या के प्रयास, डकैती और स्नैचिंग समेत कई आपराधिक मामलों में संलिप्त रहे हैं।
पुलिस के अनुसार, स्पेशल स्टाफ की टीम आरोपियों की तलाश में कार्रवाई कर रही थी। इसी दौरान पुलिस ने दोनों को घेर लिया। पुलिस का दावा है कि घिरने के बाद आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में दोनों आरोपियों के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उन्हें काबू कर लिया गया।
https://twitter.com/DelhiPolice/status/2104900614425587912/video/1
आरोपियों के पास से हथियार बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 2 अवैध पिस्तौल, 4 जिंदा कारतूस और चोरी की गई मोटरसाइकिल बरामद करने का दावा किया है। घायल आरोपियों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।
कई आपराधिक मामलों में रहे हैं संलिप्त
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपी पहले भी हत्या के प्रयास, डकैती और स्नैचिंग जैसी वारदातों में शामिल रहे हैं। फिलहाल पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है और उनके आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है।
यह कार्रवाई सदर बाजार क्षेत्र में हुई फायरिंग की घटना के संबंध में की गई है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपियों ने फायरिंग की वारदात को किस वजह से अंजाम दिया था और उनके साथ इस मामले में कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल था या नहीं।

