नई दिल्ली: New Delhi, Noida समेत पूरे एनसीआर में मौसम का मिजाज अचानक बदल गया है। गुरुवार शाम गरज-चमक के साथ तेज बारिश शुरू हो गई, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से बड़ी राहत मिली है। कई इलाकों में तेज हवाएं चल रही हैं, जबकि कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि की भी सूचना मिली है।
India Meteorological Department (IMD) ने पहले ही दिल्ली-एनसीआर के लिए आंधी और बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया था। ताजा जानकारी के मुताबिक, दिल्ली के आरके पुरम और एयरपोर्ट इलाके में तेज बारिश दर्ज की गई, जबकि Ghaziabad और नोएडा में भी तेज हवाओं के साथ बारिश हुई। कई जगहों पर बिजली चमकने की घटनाएं भी सामने आई हैं।
70 किमी प्रति घंटे तक चल सकती हैं हवाएं
मौसम विभाग के अनुसार, अगले कुछ घंटों तक दिल्ली-एनसीआर में हल्की से मध्यम बारिश जारी रह सकती है। इस दौरान 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है, जबकि कुछ इलाकों में हवा की गति 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। विभाग ने ओलावृष्टि की भी आशंका जताई है।
मौसम विशेषज्ञ Mahesh Palawat ने बताया कि राजस्थान के उत्तरी हिस्सों में आंधी-तूफान की गतिविधियां पहले ही शुरू हो चुकी थीं और शाम तक इसका असर दिल्ली-एनसीआर तक पहुंच गया। उनके अनुसार शुक्रवार को तूफानों की तीव्रता और बढ़ सकती है तथा यह सिलसिला 30 मई तक जारी रहने की संभावना है।
तापमान में आएगी बड़ी गिरावट
IMD के मुताबिक, बारिश और तेज हवाओं के कारण अगले तीन दिनों तक लोगों को गर्मी से राहत मिल सकती है। विभाग का अनुमान है कि 29 मई के बाद अधिकतम तापमान में 5 से 7 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की जा सकती है।
मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने, अनावश्यक रूप से बाहर न निकलने और तेज हवाओं व बिजली गिरने से सावधानी बरतने की सलाह दी है।

