crossorigin="anonymous"> RCB vs GT Final: आज मिलेगा IPL 2026 का नया चैंपियन, अहमदाबाद में आरसीबी-गुजरात के बीच खिताबी महामुकाबला - Sanchar Times

RCB vs GT Final: आज मिलेगा IPL 2026 का नया चैंपियन, अहमदाबाद में आरसीबी-गुजरात के बीच खिताबी महामुकाबला

Spread the love

आईपीएल 2026 का सफर आज अपने अंतिम पड़ाव पर पहुंच जाएगा। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और गुजरात टाइटंस के बीच खिताबी जंग होगी। एक तरफ आरसीबी लगातार दूसरी बार ट्रॉफी जीतने उतरेगी, तो दूसरी ओर शुभमन गिल की कप्तानी में गुजरात पहली बार खिताब अपने नाम करने की कोशिश करेगी

ST.News Desk

नई दिल्ली: करीब दो महीने तक चले इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 का समापन आज फाइनल मुकाबले के साथ होगा। 28 मार्च से शुरू हुई इस क्रिकेट जंग में 10 टीमों ने ट्रॉफी के लिए दमखम दिखाया, लेकिन अब खिताब की लड़ाई सिर्फ दो टीमों—रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) और गुजरात टाइटंस (GT)—के बीच रह गई है।

अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले जाने वाले इस महामुकाबले में दोनों टीमें इतिहास रचने के इरादे से उतरेंगी। आरसीबी के पास लगातार दूसरी बार आईपीएल ट्रॉफी जीतने का मौका है, जबकि गुजरात टाइटंस के कप्तान शुभमन गिल अपनी कप्तानी में पहला आईपीएल खिताब हासिल करना चाहेंगे।

कब और कहां खेला जाएगा फाइनल?

आईपीएल 2026 का फाइनल मुकाबला अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा। मैच का टॉस शाम 7 बजे होगा, जबकि पहली गेंद शाम 7:30 बजे डाली जाएगी।

नरेंद्र मोदी स्टेडियम गुजरात टाइटंस का घरेलू मैदान जरूर है, लेकिन यही वह मैदान है जहां आरसीबी ने पिछले सीजन अपनी पहली आईपीएल ट्रॉफी जीती थी। ऐसे में दोनों टीमों के पास इस मैदान से जुड़ी खास यादें हैं।

हेड टू हेड में किसका पलड़ा भारी?

आरसीबी और गुजरात टाइटंस के बीच अब तक खेले गए मुकाबलों में बेंगलुरु को हल्की बढ़त हासिल है। दोनों टीमों के बीच खेले गए नौ मैचों में आरसीबी ने पांच और गुजरात ने चार मुकाबले जीते हैं।

वहीं नरेंद्र मोदी स्टेडियम में दोनों टीमों का रिकॉर्ड 1-1 की बराबरी पर है। हालांकि इसी सीजन गुजरात टाइटंस ने अपने घरेलू मैदान पर आरसीबी को शिकस्त दी थी। गुजरात का इस सीजन घर में प्रदर्शन भी शानदार रहा है और टीम ने यहां खेले सात में से पांच मैच जीते हैं।

कैसी होगी पिच?

नरेंद्र मोदी स्टेडियम की मिक्स सॉयल पिच पर बल्लेबाजों और गेंदबाजों दोनों को मदद मिलने की संभावना है। पिच पर अच्छा बाउंस देखने को मिल सकता है, जिससे तेज गेंदबाजों को शुरुआती ओवरों में फायदा मिल सकता है।

हालांकि छोटे बॉउंड्री और तेज आउटफील्ड के कारण फाइनल में हाई-स्कोरिंग मुकाबला भी देखने को मिल सकता है। टॉस जीतने वाली टीम पहले बल्लेबाजी का विकल्प चुन सकती है, क्योंकि बड़े मुकाबलों में स्कोर बोर्ड पर रन लगाकर दबाव बनाना अक्सर फायदेमंद साबित होता है।

मैच प्रिडिक्शन

फाइनल मुकाबले में दोनों टीमों के बीच कांटे की टक्कर की उम्मीद है। कागजों पर आरसीबी थोड़ी मजबूत नजर आती है, लेकिन गुजरात टाइटंस अपने घरेलू मैदान और परिस्थितियों का फायदा उठा सकती है।

मैच प्रिडिक्शन मीटर के मुताबिक मुकाबला बेहद करीबी रहने वाला है। हालांकि फाइनल के दबाव को देखते हुए पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम के जीतने की संभावना थोड़ी ज्यादा मानी जा रही है।

आरसीबी की संभावित प्लेइंग इलेवन

वेंकटेश अय्यर
विराट कोहली
देवदत्त पडिक्कल
रजत पाटीदार (कप्तान)
जितेश शर्मा (विकेटकीपर)
टिम डेविड
क्रुणाल पांड्या
भुवनेश्वर कुमार
जोश हेजलवुड
रसिख सलाम डार
जैकब डफी
रोमारियो शेफर्ड

गुजरात टाइटंस की संभावित प्लेइंग इलेवन

साई सुदर्शन
शुभमन गिल (कप्तान)
जोस बटलर (विकेटकीपर)
निशांत सिंधु
वाशिंगटन सुंदर
जेसन होल्डर
राशिद खान
राहुल तेवतिया
कगिसो रबाडा
मोहम्मद सिराज
प्रसिद्ध कृष्णा
अरशद खान / आर साई किशोर

अब देखना दिलचस्प होगा कि आईपीएल 2026 की चमचमाती ट्रॉफी पर कब्जा आरसीबी बरकरार रखती है या फिर गुजरात टाइटंस पहली बार चैंपियन बनने का सपना पूरा करती है।


Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *