crossorigin="anonymous"> मुरैना में दर्दनाक रेल हादसा : आग की अफवाह बनी मौत की वजह, 4 यात्रियों की जान गई - Sanchar Times

मुरैना में दर्दनाक रेल हादसा : आग की अफवाह बनी मौत की वजह, 4 यात्रियों की जान गई

Spread the love

ST.News Desk

मध्य प्रदेश के मुरैना जिले से एक बेहद दुखद और बड़ी खबर सामने आई है। यहां ट्रेन में आग लगने की अफवाह के बाद मची अफरा-तफरी ने चार लोगों की जान ले ली।

जानकारी के मुताबिक, ट्रेन संख्या 19665 खजुराहो–उदयपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस रविवार शाम करीब 4 बजकर 15 मिनट पर हेतमपुर और धौलपुर स्टेशन के बीच पहुंची थी। इसी दौरान ट्रेन के जनरल कोच में आग लगने की अफवाह फैल गई। अफवाह सुनते ही कई यात्री घबराकर ट्रेन से नीचे उतर गए।

बताया जा रहा है कि किसी यात्री ने अलार्म चेन पुलिंग कर ट्रेन को बीच सेक्शन में रोक दिया था। ट्रेन रुकने के बाद कुछ यात्री पास की दूसरी रेल लाइन पर चले गए। तभी दूसरी दिशा से तेज गति से आ रही 20424 फिरोजपुर–सिवनी पातालकोट एक्सप्रेस वहां पहुंच गई और कई यात्री उसकी चपेट में आ गए।

इस दर्दनाक हादसे में चार लोगों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान आफरीन (35 वर्ष), अशद (4 वर्ष), शकुंतला (60 वर्ष) और वीरमा देवी (58 वर्ष) के रूप में हुई है। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। रेलवे, पुलिस और प्रशासन की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया।

रेलवे ने अपने बयान में कहा है कि यात्रियों द्वारा चेन खींचकर ट्रेन रोकी गई थी और कुछ लोग नियमों के विपरीत पटरी पार करने लगे थे। रेलवे के अनुसार प्रथम दृष्टया इस घटना में रेलवे की कोई गलती सामने नहीं आई है। हालांकि पूरे मामले की विस्तृत जांच के आदेश दे दिए गए हैं।

फिलहाल इस हादसे ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि अफवाहों पर भरोसा करना और रेलवे सुरक्षा नियमों की अनदेखी करना कितना खतरनाक साबित हो सकता है।


Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *