सासाराम | रिपोर्ट: हैदर अली, रोहतास ब्यूरो चीफ
बिहार के रोहतास जिले के सासाराम से एक बड़ी खबर है। मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बनरसिया गांव में पिछले महीने 7 सितंबर को लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहे महिला और पुरुष की हत्या के मामले में पुलिस ने खुलासा किया है। इस दोहरे हत्याकांड में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, शराबबंदी से जुड़े मामले में परिवार के सदस्यों की गिरफ्तारी से नाराज होकर हत्या की साजिश रची गई थी।
मृतकों की पहचान मणि भूषण कुमार और ननकी देवी के रूप में हुई है। दोनों बनरसिया गांव में लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहे थे। पुलिस के अनुसार, इस मामले में गिरफ्तार आरोपियों में बनरसिया गांव का करण कुमार, अभिषेक कुमार और शक्ति कुमार शामिल हैं।
पुलिस की जांच में सामने आया कि इससे पहले मद्यनिषेध से जुड़े एक मामले में गांव के तीन लोगों की गिरफ्तारी हुई थी। आरोपियों को शक था कि मणि भूषण कुमार और ननकी देवी ने ही पुलिस को इसकी सूचना दी थी। उन्हें लगता था कि दोनों की वजह से उनके परिवार के लोगों को जेल जाना पड़ा।
इसी नाराजगी में करण कुमार ने कथित तौर पर हत्या की साजिश रची और अभिषेक कुमार तथा शक्ति कुमार के साथ मिलकर मणि भूषण कुमार और ननकी देवी की हत्या कर दी। घटना के बाद इलाके में काफी हंगामा हुआ था। अब पुलिस ने मामले का उद्भेदन करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। रोहतास के एसपी मिस्टर राज ने प्रेस वार्ता कर पूरे मामले की जानकारी दी। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों के पास से मिले मोबाइल फोन में तकनीकी साक्ष्य भी मिले हैं, जिनकी जांच के आधार पर मामले की कड़ियां जोड़ी गईं।






















