सासाराम | रिपोर्ट: हैदर अली, रोहतास ब्यूरो चीफ
एंकर: खबर सासाराम से है, जहां 9 अक्टूबर को कछवा थाना क्षेत्र के जग्गू टोला गांव में नौवीं कक्षा के एक छात्र को गोली मार दी गई थी। इस मामले में पुलिस ने एक युवती समेत पांच लोगों को पकड़ा है। इनमें दो नाबालिग भी शामिल हैं, जिन्हें निरुद्ध किया गया है। रोहतास पुलिस के मुताबिक, वारदात को आपसी रंजिश के कारण अंजाम दिया गया था।
रोहतास जिले के कछवा थाना क्षेत्र के जग्गू टोला गांव में 9 अक्टूबर की सुबह स्कूल जाते समय नौवीं कक्षा के छात्र आशीष कुमार को गोली मार दी गई थी। आशीष कुमार औरंगाबाद जिले के दाउदनगर स्थित ज्ञान गंगा इंटर स्कूल का छात्र है। गोली लगने से वह घायल हो गया था। इस मामले में रोहतास पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक युवती समेत पांच लोगों को पकड़ा है। रोहतास के एसपी मिस्टर राज ने प्रेस वार्ता में बताया कि शुरुआती जांच में वारदात की वजह आपसी रंजिश सामने आई है। मामले में शामिल अधिकांश युवक स्कूल और कॉलेज में पढ़ने वाले बताए गए हैं।
एसपी के अनुसार, सतीश कुमार पर गोली मारने का आरोप है। वहीं, प्रियांशु कुमार और रागिनी कुमारी की संलिप्तता भी सामने आई है। पुलिस ने इन तीनों के अलावा दो नाबालिगों को भी पकड़ा है। दोनों नाबालिगों को निरुद्ध किया गया है। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है। इस घटना के बाद इलाके में छात्र की सुरक्षा और आपसी रंजिश को लेकर सवाल उठे हैं।






















