सासाराम | रिपोर्ट: हैदर अली, रोहतास ब्यूरो चीफ
एंकर: खबर सासाराम से है, जहां करगहर थाना क्षेत्र के डुमरा गांव में चर्चित जनार्दन तिवारी हत्याकांड के मुख्य आरोपी ओम प्रकाश शर्मा को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। रोहतास के एसपी मिस्टर राज ने इसकी जानकारी दी। इस मामले में इससे पहले दो अन्य आरोपियों शंभू शर्मा और गुड्डू शर्मा की गिरफ्तारी हो चुकी है। पुलिस के मुताबिक, मामूली विवाद और पुरानी रंजिश के कारण इस वारदात को अंजाम दिया गया था।
रोहतास जिले के करगहर थाना क्षेत्र के डुमरा गांव में जनार्दन तिवारी हत्याकांड के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने इस मामले के मुख्य आरोपी ओम प्रकाश शर्मा को गिरफ्तार कर लिया है। रोहतास के एसपी मिस्टर राज ने बताया कि इस हत्याकांड को लेकर 20 अक्टूबर को मामला दर्ज किया गया था। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पहले ही शंभू शर्मा और गुड्डू शर्मा को गिरफ्तार कर लिया था। अब मुख्य आरोपी ओम प्रकाश शर्मा की गिरफ्तारी हुई है।
एसपी के मुताबिक, घटना की वजह मकान निर्माण के दौरान हुआ विवाद था। बताया गया कि एक पक्ष का मकान बन रहा था, इसी दौरान दूसरे पक्ष के साथ विवाद हो गया। दोनों पक्षों के बीच गाली-गलौज भी हुई थी। पुलिस के अनुसार, इसी विवाद से उपजी रंजिश में 19 अक्टूबर की रात हत्या की वारदात को अंजाम दिया गया।
इसके बाद 20 अक्टूबर को जनार्दन तिवारी, जिन्हें बच्चा तिवारी के नाम से भी जाना जाता था, का शव बरामद हुआ था। मामले की जांच के दौरान पुलिस ने आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई की। मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।






















