बिहार की राजनीति में मंगलवार का दिन ऐतिहासिक बन गया, जब भाजपा नेता सम्राट चौधरी को विधायक दल का नेता चुना गया। इसके साथ ही करीब दो दशकों तक राज्य की राजनीति के केंद्र में रहे नीतीश कुमार के मुख्यमंत्री पद का कार्यकाल समाप्त हो गया
ST.News Desk
बिहार की सियासत से एक बड़ी खबर सामने आई है। भाजपा नेता सम्राट चौधरी राज्य के नए मुख्यमंत्री बनने जा रहे हैं। मंगलवार को उन्हें भाजपा विधायक दल का नेता चुना गया, जिसके बाद उनके मुख्यमंत्री बनने का रास्ता साफ हो गया। यह फैसला राज्य की राजनीति में एक बड़े बदलाव के तौर पर देखा जा रहा है, क्योंकि बिहार को पहली बार भाजपा का मुख्यमंत्री मिलने जा रहा है।
इससे पहले मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राज्यसभा सदस्य बनने के बाद अपने पद से इस्तीफा दे दिया। अपने अंतिम संदेश में उन्होंने कहा कि वे भले ही पद छोड़ रहे हैं, लेकिन नई सरकार को उनका मार्गदर्शन मिलता रहेगा।
विधायक दल का नेता चुने जाने के बाद सम्राट चौधरी ने केंद्रीय नेतृत्व का आभार जताया। उन्होंने कहा कि यह पद उनके लिए जिम्मेदारी और जनता की सेवा का अवसर है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि वे पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ बिहार के विकास और सुशासन के लिए काम करेंगे। साथ ही उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में राज्य को नई ऊंचाइयों तक ले जाने का संकल्प दोहराया।
सम्राट चौधरी ने अपने राजनीतिक सफर का जिक्र करते हुए कहा कि उन्होंने करीब 30 वर्षों तक राजनीति में काम किया है और भाजपा की विचारधारा से प्रेरित होकर लगातार पार्टी के लिए योगदान दिया है। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार से बहुत कुछ सीखने को मिला है और उनके समृद्ध बिहार के सपने को आगे बढ़ाया जाएगा।
वहीं, केंद्रीय पर्यवेक्षक शिवराज सिंह चौहान ने इसे ऐतिहासिक क्षण बताया। उन्होंने कहा कि जनसंघ के समय से कार्यकर्ताओं के संघर्ष का यह परिणाम है और सम्राट चौधरी के नेतृत्व में भाजपा बिहार में नई दिशा देगी।

