
सचिव, आवासन और शहरी कार्य मंत्रालय ने किया उद्घाटन
ST.News Desk

नई दिल्ली। घिटोरनी स्थित (CII-NBCC) सीआईआई-एनबीसीसी प्रशिक्षण केंद्र का उद्घाटन आवासन और शहरी कार्य मंत्रालय के सचिव श्री श्रीनिवास कटिकिथला ने किया। इस अवसर पर मंत्रालय और एनबीसीसी के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे। कार्यक्रम में श्री रवि कुमार अरोड़ा, संयुक्त सचिव (एमओएचयूए), श्री के.पी. महादेवास्वामी, अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक, NBCC, डॉ. सुमन कुमार, निदेशक (वाणिज्य), एनबीसीसी सहित अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।
भारत में कौशल अंतर को कम करने और युवाओं की रोजगार क्षमता बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए NBCC और Confederation of Indian Industry (सीआईआई) ने मिलकर दिल्ली के घिटोरनी में एक बहु-कौशल प्रशिक्षण संस्थान (एमएसटीआई) और मॉडल करियर सेंटर (एमसीसी) की स्थापना की है। यह पहल युवाओं को उद्योग से संबंधित व्यावहारिक कौशल प्रदान कर उन्हें रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने में सहायक होगी।
यह प्रशिक्षण कार्यक्रम दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों के युवाओं के लिए विशेष रूप से लाभकारी साबित होगा। संस्थान में करियर काउंसलिंग, जॉब फेयर और उद्योग से सीधे जुड़ाव के माध्यम से रोजगार के स्पष्ट मार्ग सुनिश्चित किए जाएंगे।
इसके अलावा, कार्यक्रम के तहत उद्योग-अनुरूप ब्रिज कोर्स भी संचालित किए जाएंगे, जिनका उद्देश्य युवाओं को पुनः कौशल (Reskilling) और कौशल उन्नयन (Upskilling) के माध्यम से आधुनिक कार्यबल के लिए तैयार करना है। रिटेल, विनिर्माण, बीपीओ और लॉजिस्टिक्स जैसे प्रमुख क्षेत्रों में रोजगार के अवसरों को ध्यान में रखते हुए पाठ्यक्रम तैयार किए गए हैं।
यह पहल न केवल युवाओं को आत्मनिर्भर बनाएगी बल्कि देश के आर्थिक विकास को भी नई गति प्रदान करेगी।

