एलपीजी संकट के बीच आम लोगों को राहत देने के लिए केंद्र सरकार ने मिनी FTL गैस सिलेंडर योजना शुरू की है, जिससे बिना पारंपरिक कनेक्शन के भी उपभोक्ता आसानी से गैस खरीद सकेंगे
ST.News Desk
देश में एलपीजी संकट के बीच आम लोगों, खासकर स्टूडेंट्स, प्रवासी मजदूरों और अस्थायी कामगारों को राहत देने के लिए केंद्र सरकार ने एक नई पहल शुरू की है। इस पहल के तहत अब मिनी FTL गैस सिलेंडर एजेंसियों के माध्यम से उपलब्ध कराया जा रहा है, जिसे बिना पारंपरिक गैस कनेक्शन के भी खरीदा जा सकता है।
इस योजना के तहत उपभोक्ता केवल आधार कार्ड या कोई भी वैध पहचान पत्र दिखाकर मिनी सिलेंडर खरीद सकते हैं। इसकी कीमत लगभग 1581 रुपये तय की गई है, जबकि 5 किलो गैस रिफिल करीब 600 रुपये में उपलब्ध होगा।
यह सुविधा खासतौर पर उन लोगों के लिए फायदेमंद साबित हो रही है, जो किराए के मकानों में रहते हैं और जिनके पास स्थायी गैस कनेक्शन नहीं होता। पहले ऐसे लोगों को ब्लैक में सिलेंडर खरीदना पड़ता था, जो 100-200 रुपये महंगा मिलता था। लेकिन हालिया किल्लत के चलते यही सिलेंडर 6,000 से 7,000 रुपये तक पहुंच गया, जिससे आम आदमी के लिए इसे खरीदना बेहद मुश्किल हो गया था।
मिनी FTL सिलेंडर अब एक किफायती और सुविधाजनक विकल्प बनकर उभरा है। एक सिलेंडर लगभग 15–20 दिनों तक चल सकता है, जिससे दैनिक जरूरतें आसानी से पूरी की जा सकती हैं।
हालांकि, देशभर में गैस की उपलब्धता को लेकर अभी भी शिकायतें सामने आ रही हैं। कई जगहों पर एजेंसियों पर कालाबाजारी के आरोप लगे हैं। वहीं, सरकार का कहना है कि देश में एलपीजी, सीएनजी और पेट्रोल-डीजल की कोई कमी नहीं है और पर्याप्त भंडार मौजूद है।
अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों का भी आपूर्ति पर असर पड़ रहा है। Strait of Hormuz के रास्ते कई जहाजों के फंसने की खबरें हैं, जिससे आपूर्ति प्रभावित होने की आशंका जताई जा रही है। सरकार ने भरोसा दिलाया है कि जल्द ही स्थिति सामान्य करने के प्रयास जारी हैं।

