गंभीर हालत में बरामद हुई छात्रा का अस्पताल में इलाज चल रहा है। घटना के बाद इलाके में आक्रोश का माहौल है
ST.News Desk
लखनऊ: उत्तर प्रदेश के महोबा जिले से इंसानियत को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। NEET की तैयारी कर रही एक छात्रा को कथित तौर पर अगवा कर 16 दिनों तक बंधक बनाकर उसके साथ गैंगरेप किया गया। आरोप है कि आरोपियों ने उसे नशीले इंजेक्शन दिए, जलती सिगरेट से दागा और चाकू से हमला कर प्रताड़ित किया। गंभीर हालत में बरामद हुई छात्रा का अस्पताल में इलाज चल रहा है। घटना के बाद इलाके में आक्रोश का माहौल है।
छात्रा मध्य प्रदेश की रहने वाली है. वह महोबा शहर में रहकर नीट की तैयारी कर रही थी. 30 अप्रैल को जब वह कोचिंग से घर लौट रही थी, तभी कार सवार दबंगों ने उसे जबरन अगवा कर लिया. पुलिस ने पूरे 16 दिन बाद जब उसे दबंगों के चंगुल से बरामद किया तो उसने रूह कंपाने वाली आपबीती सुनाई. शहर कोतवाली प्रभारी मनीष पांडेय ने बताया कि पीड़िया का मेडिकल परीक्षण कराया गया है. जांच कर साक्ष्यों और पीड़िता के बयानों के आधार पर आगे कार्रवाई होगी.

पीड़िता ने पुलिस को बताया कि उसी के गांव के मोहित श्रीवास ने अपने साथी अंकित श्रीवास और हल्लू राजपूत समेत करीब आधा दर्जन लोगों के साथ मिलकर उसे 16 दिन तक प्रयागराज में बंधक बनाकर रखा. उसे हर दो घंटे में नशीले इंजेक्शन दिए गए और उसके साथ दुष्कर्म भी किया गया. विरोध करने पर दरिंदों ने उसे सिगरेट से दागा और चाकू से वार किए.
जबरन रचाई शादी
पीड़िता ने बताया कि दबंगों ने उसके भाई की फोटो दिखाकर जान से मारने की धमकी के बल पर आरोपी मोहित संग उसकी जबरन शादी करवाई. पीड़िता अब मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से इंसाफ और दोषियों के लिए फांसी की मांग कर रही है. इस वीभत्स घटना के सामने आने के बाद इलाके में भारी आक्रोश है. अस्पताल में इलाज करा रही पीड़िता दहशत से कांप रही है.

