ST.News Desk
नई दिल्ली: NEET-UG 2026 री-एग्जाम की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए महत्वपूर्ण अपडेट सामने आया है। राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) ने 21 जून को आयोजित होने वाली री-एग्जाम परीक्षा के लिए एग्जाम सिटी इंटिमेशन स्लिप जारी कर दी है। उम्मीदवार अब अपने आवंटित परीक्षा शहर की जानकारी ऑनलाइन देख सकते हैं। हालांकि NTA ने स्पष्ट किया है कि यह एडमिट कार्ड नहीं है, बल्कि केवल परीक्षा शहर की जानकारी देने के लिए जारी की गई सूचना है।
आवेदन नंबर और पासवर्ड से देखें परीक्षा शहर
NTA ने बताया कि NEET-UG 2026 री-एग्जाम में शामिल होने वाले उम्मीदवार आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपनी एग्जाम सिटी स्लिप डाउनलोड कर सकते हैं। इसके लिए अभ्यर्थियों को अपने आवेदन नंबर और पासवर्ड की मदद से लॉगिन करना होगा। लॉगिन के बाद उन्हें परीक्षा केंद्र जिस शहर में आवंटित किया गया है, उसकी जानकारी मिल जाएगी। एजेंसी ने उम्मीदवारों को सलाह दी है कि वे परीक्षा से जुड़ी सभी आधिकारिक सूचनाओं पर लगातार नजर बनाए रखें।
21 जून को दोपहर 2 बजे से होगी परीक्षा
NTA की ओर से जारी सार्वजनिक सूचना के अनुसार, NEET-UG 2026 का री-एग्जाम 21 जून को दोपहर 2 बजे से शाम 5:15 बजे तक आयोजित किया जाएगा। परीक्षा देश के 551 शहरों और विदेश के 14 शहरों में पेन-एंड-पेपर मोड में कराई जाएगी। एजेंसी ने कहा है कि छात्रों को उनकी प्राथमिकता के अनुसार परीक्षा शहर उपलब्ध कराने का हर संभव प्रयास किया गया है।
एडमिट कार्ड बाद में होगा जारी
NTA ने स्पष्ट किया है कि फिलहाल जारी की गई सिटी स्लिप को एडमिट कार्ड नहीं माना जाए। इसमें केवल परीक्षा शहर की जानकारी दी गई है, जबकि प्रवेश पत्र (Admit Card) अलग से जारी किया जाएगा। उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि वे एडमिट कार्ड और अन्य महत्वपूर्ण अपडेट के लिए NTA की आधिकारिक वेबसाइट पर नियमित रूप से विजिट करते रहें।
पेपर लीक के बाद रद्द हुई थी परीक्षा
गौरतलब है कि मेडिकल पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए NEET-UG 2026 परीक्षा 3 मई को आयोजित की गई थी। परीक्षा के बाद पेपर लीक के आरोप सामने आने पर NTA ने 12 मई को पूरी परीक्षा रद्द कर दी थी। इसके बाद एजेंसी ने दोबारा परीक्षा कराने का फैसला लिया। अब देशभर के लाखों अभ्यर्थियों के लिए री-एग्जाम 21 जून को आयोजित किया जाएगा। वहीं, कथित पेपर लीक मामले की जांच फिलहाल केंद्रीय जांच एजेंसी (CBI) द्वारा की जा रही है।
























