crossorigin="anonymous"> निवेदिता सिंह ने विधान परिषद में उठाया दुर्गावती नहर का मुद्दा, 2000 एकड़ सिंचाई प्रभावित - Sanchar Times

निवेदिता सिंह ने विधान परिषद में उठाया दुर्गावती नहर का मुद्दा, 2000 एकड़ सिंचाई प्रभावित

Spread the love

रोहतास जिला के चेनारी विधानसभा क्षेत्र से जुड़े किसान हित के एक महत्वपूर्ण मुद्दे को बिहार विधान परिषद के 212वें बजट सत्र के दौरान माननीय सदस्य निवेदिता सिंह ने प्रभावी ढंग से सदन में उठाया। उन्होंने ध्यानाकर्षण प्रस्ताव के माध्यम से दुर्गावती नहर परियोजना में लंबित फाल निर्माण के कारण बाधित सिंचाई व्यवस्था पर सरकार का ध्यान आकृष्ट कराया।

हैदर अली
रोहतास ब्यूरो, संचार टाइम्स


माननीय सदस्य ने सदन को अवगत कराया कि रोहतास जिला अंतर्गत दुर्गावती नहर के आर.डी. संख्या 620 पर फाल का निर्माण नहीं होने के कारण विश्रामपुर वैतरणी नहर निष्क्रिय पड़ी है। इस कारण विश्रामपुर, खडीहा, सिंकुही एवं मोहम्मदपुर क्षेत्र की लगभग 2000 एकड़ कृषि योग्य भूमि की सिंचाई व्यवस्था ठप हो गई है, जिससे हजारों किसानों की आजीविका प्रभावित हो रही है।

उन्होंने बताया कि इस संबंध में पूर्व में जिला प्रशासन तथा दुर्गावती जलाशय के अभियंत्रण विभाग को सूचना दी जा चुकी है। स्थल निरीक्षण भी कराया गया, किंतु अब तक निर्माण कार्य प्रारंभ नहीं किया गया है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि जिस भूमि पर नहर का निर्माण होना है, उसका मुआवजा किसानों को लगभग 10 वर्ष पूर्व ही प्रदान किया जा चुका है।

माननीय सदस्य ने सरकार से यह स्पष्ट करने की मांग की कि फाल निर्माण कार्य अब तक लंबित क्यों है तथा प्रभावित क्षेत्रों में सिंचाई व्यवस्था को पुनः बहाल करने के लिए सरकार क्या ठोस कदम उठाएगी।

इस पर संबंधित मंत्री ने सदन को आश्वस्त किया कि सरकार किसानों को शीघ्र पानी उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि भू-अर्जन की शेष प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण कर निर्माण कार्य प्रारंभ कराया जाएगा। साथ ही संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए जाएंगे कि वे माननीय सदस्य एवं किसानों के साथ बैठक कर समस्या का त्वरित समाधान सुनिश्चित करें।

अंत में, माननीय श्रीमती निवेदिता सिंह ने सरकार से आग्रह किया कि इस महत्वपूर्ण कार्य को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूर्ण कराया जाए, ताकि क्षेत्र के किसानों को समय पर सिंचाई सुविधा उपलब्ध हो सके और कृषि उत्पादन को नई गति मिल सके।


Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *