crossorigin="anonymous"> नोएल होंगे ’टाटा ट्रस्ट‘ के नए चेयरमैन - Sanchar Times

नोएल होंगे ’टाटा ट्रस्ट‘ के नए चेयरमैन

Spread the love


दिवंगत रतन टाटा के सौतेले भाई नोएल टाटा अब ‘टाटा ट्रस्ट्स’ के चेयरमैन होंगे। यह विभिन्न परमार्थ-संस्थाओं का एक समूह है जो अप्रत्यक्ष रूप से 165 अरब अमेरिकी डॉलर के नमक से लेकर सॉफ्टवेयर बनाने वाले समूह को नियंत्रित करता है। टाटा ट्रस्ट्स में शामिल विभिन्न ट्रस्ट के न्यासियों ने शुक्रवार को मुंबई में एक संयुक्त बैठक की और टाटा ट्रस्ट्स के चेयरमैन रतन टाटा के निधन पर शोक व्यक्त किया। बैठक में न केवल टाटा समूह के लिए बल्कि राष्ट्र निर्माण में भी उनकी महत्वपूर्ण सेवाओं को याद किया।


बयान में कहा गया, इसके तुरंत बाद हुई अलग-अलग बैठकों में सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया कि नोएल नवल टाटा को टाटा ट्रस्ट्स और उसके तहत आने वाले अन्य सभी ट्रस्ट का चेयरमैन नियुक्त किया जाए। साथ ही उन्हें टाटा ट्रस्ट्स का चेयरमैन भी नामित किया जाए। इसमें कहा गया कि उनकी नियुक्ति तत्काल प्रभावी होगी। नोएल टाटा ने अपनी नियुक्ति पर कहा, मैं रतन एन. टाटा और टाटा समूह के संस्थापकों की विरासत को आगे बढ़ाने के लिए तत्पर हूं। एक सदी से भी अधिक समय पहले स्थापित टाटा ट्रस्ट्स सामाजिक कल्याण के कायरें का एक अद्वितीय जरिया है। उन्होंने कहा, इस अवसर पर हम अपनी विकासात्मक तथा परोपकारी पहल को आगे बढ़ाने और राष्ट्र निर्माण में अपना योगदान देने के लिए स्वयं को पुन: समर्पित करते हैं।
रतन टाटा की छतछ्राया में अधिकतर काम करने के बाद नोएल (67) को अब ‘टाटा ट्रस्ट्स’ का नेतृत्व करने की जिम्मेदारी मिली है। इसमें मोटे तौर पर सर रतन टाटा ट्रस्ट एंड अलाइड ट्रस्ट्स और सर दोराबजी टाटा ट्रस्ट एंड अलाइड ट्रस्ट शामिल हैं, जिनके पास टाटा संस की नियंत्रक 66 प्रतिशत हिस्सेदारी है। टाटा संस, टाटा समूह की कंपनियों की होंिल्डग व प्रवर्तक कंपनी है। नोएल, सर रतन टाटा ट्रस्ट और सर दोराबजी टाटा ट्रस्ट के निदेशक मंडल में न्यासी (ट्रस्टी) हैं। नोएल की पत्नी अलू मिस्त्री हैं, जो दिवंगत साइरस मिस्त्री की बहन हैं। अलू मिस्त्री शापूरजी पालोनजी परिवार का हिस्सा हैं, जो 18.4 प्रतिशत से अधिक हिस्सेदारी के साथ टाटा संस का सबसे बड़ा निजी शेयरधारक है। साइरस मिस्त्री को टाटा संस के चेयरमैन पद से हटाए जाने के बाद से शापूरजी पालोनजी समूह और टाटा के बीच संबंध अच्छे नहीं रहे हैं।


टाटा संस समूह के सभी वाणिज्यिक उद्यमों का परिचालन करती है और पिछले वर्ष सामूहिक रूप से इसका राजस्व 165 अरब अमेरिकी डॉलर रहा था। नोएल को टाटा ट्रस्ट्स में रतन टाटा की जगह लेने के लिए सबसे आगे देखा जा रहा था।


Spread the love