हैदर अली
रोहतास ब्यूरो (संचारटाइम्स.न्यूज)
11 जनवरी 2025 को समाहरणालय स्थित DRDA सभागार कक्ष में सभी जिला स्तरीय नीलाम पत्र पदाधिकारियों, अंचल अधिकारियों और प्रखंड विकास पदाधिकारियों के लिए एकदिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य नीलाम पत्र वादों के निष्पादन में संबंधित अधिकारियों को सुसंगत नियमावली और विधिक प्रक्रियाओं के बारे में जानकारी प्रदान करना था।
कार्यक्रम के दौरान पदाधिकारियों को लोक मांग वसूली अधिनियम की धाराओं और नीलाम पत्र वादों को ऑनलाइन निष्पादित करने की प्रक्रिया के बारे में विस्तार से बताया गया। प्रशिक्षण का संचालन बिहार पंचायत राज संस्थान (BIPARD), पटना से प्रशिक्षित पदाधिकारियों द्वारा किया गया, जिनमें वरीय उप समाहर्ता विनीता कुमारी, जिला योजना पदाधिकारी और जिला कल्याण पदाधिकारी प्रमुख रूप से शामिल थे।
यह प्रशिक्षण कार्यक्रम अधिकारियों को नीलाम पत्र वादों के समाधान में सक्षम बनाने के लिए आयोजित किया गया था, ताकि कार्यवाही की पारदर्शिता और तत्परता सुनिश्चित हो सके।