सासाराम। हैदर अली, रोहतास ब्यूरो चीफ
रोहतास जिले के नौहट्टा थाना क्षेत्र के उल्हो गांव में पेट्रोल-डीजल की खुदरा दुकान में आग लगने से एक ही परिवार के चार लोग झुलस गए। हादसे में दुकानदार लक्ष्मी कुमार गुप्ता और उनकी चार वर्षीय बेटी कीर्ति कुमारी की मौत हो गई। वहीं, लक्ष्मी गुप्ता की पत्नी संजू देवी और उनका आठ माह का बेटा सुमित कुमार गंभीर रूप से झुलस गए हैं। दोनों का इलाज सासाराम सदर अस्पताल में चल रहा है।
खाना बनाने के दौरान फैली आग
प्राप्त जानकारी के अनुसार, लक्ष्मी कुमार गुप्ता गांव में झोपड़ीनुमा दुकान में पेट्रोल और डीजल बेचने का कारोबार करते थे। घटना के समय उनकी पत्नी संजू देवी खाना बना रही थीं। इसी दौरान दुकान में आग लग गई। पेट्रोल जैसे ज्वलनशील पदार्थ की मौजूदगी के कारण आग तेजी से फैल गई।
बताया जा रहा है कि दुकान में रखे एलपीजी गैस सिलेंडर ने भी आग पकड़ ली थी। सिलेंडर फटने की चर्चा है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
पिता-पुत्री की मौत
आग की चपेट में आने से चार वर्षीय कीर्ति कुमारी की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, गंभीर रूप से झुलसे लक्ष्मी कुमार गुप्ता को इलाज के लिए सासाराम सदर अस्पताल लाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
इस हादसे में संजू देवी और उनके आठ माह के बेटे सुमित कुमार की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने किसी तरह आग पर काबू पाया और आग में फंसे लोगों को बाहर निकाला।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
इस अग्निकांड में एक ही परिवार के दो सदस्यों की मौत से गांव में शोक का माहौल है। गंभीर रूप से झुलसी मां और उसके मासूम बेटे का अस्पताल में इलाज जारी है।
























