crossorigin="anonymous"> बिहार के राज्यपाल ने भारतीय नव वर्ष महोत्सव में भाग लिया, 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का किया आह्वान - Sanchar Times

बिहार के राज्यपाल ने भारतीय नव वर्ष महोत्सव में भाग लिया, 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का किया आह्वान

Spread the love

आरिफ मोहम्मद खान ने एक निजी स्कूल के परिसर में आयोजित ‘भारतीय नव वर्ष महोत्सव’ में भाग लिया

हैदर अली
सासाराम (संचारटाइम्स.न्यूज)

रोहतास जिले के बिक्रमगंज में बिहार के राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान ने एक निजी स्कूल के परिसर में आयोजित ‘भारतीय नव वर्ष महोत्सव’ में भाग लिया। इस कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रचारक इंद्रेश कुमार, अहिंसा विश्व भारती के जैन आचार्य लोकेश जी सहित कई प्रमुख संगठन के लोग उपस्थित थे।

राज्यपाल ने अपने संबोधन में कहा कि वर्ष 2047 तक भारत को एक विकसित राष्ट्र बनाना है। उन्होंने कहा, “भारत को शताब्दियों की गुलामी के दाग से मुक्त करके उसे एक विकसित राष्ट्र बनाना है, और यह तभी संभव होगा जब भारत की ज्ञान की संस्कृति पुनः स्थापित होगी। जब हमारी बुद्धि, विवेक और ज्ञान में वृद्धि होगी, तो हमारा समाज एकजुट होगा, और जब हम एक होंगे, तो कोई भी शक्ति भारत को एक विकसित राष्ट्र बनने से रोक नहीं सकती।”

राज्यपाल ने बिहार और बिहार के छात्रों की भी सराहना की। उन्होंने कहा, “अगर बिहार के लोग दिल्ली और मुंबई जैसे महानगरों से बाहर निकल जाएं, तो इन शहरों की तमाम गतिविधियां ठप हो जाएंगी। आज केंद्रीय परीक्षा में बिहार के छात्र-छात्राओं का वर्चस्व है। बिहार के लोग अपने अलग-अलग सामाजिक परिवेश में रहते हुए भी जब किसी दूसरे राज्य में जाते हैं, तो वहां सभी बिहारी एकजुट हो जाते हैं।”

इस कार्यक्रम का आयोजन भाजपा नेता और काराकाट के पूर्व विधायक राजेश्वर राज ने किया था। कार्यक्रम में हिंदू धर्म के कई साधु-संत और विद्वान भी उपस्थित थे।

राज्यपाल के इस बयान ने न केवल बिहार की प्रगति की दिशा को उजागर किया, बल्कि भारतीय नव वर्ष के महोत्सव में एक नई ऊर्जा का संचार भी किया।


Spread the love