ST.News Desk
नई दिल्ली: केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने ‘विकसित भारत जी-राम-जी योजना’ को लेकर कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का विरोध असल में “भ्रष्टाचार बचाओ संग्राम” है। कांग्रेस को ग्राम, काम और राम—तीनों से परेशानी है। आरोप लगाओ और भाग जाओ, यही कांग्रेस की राजनीति की आदत बन चुकी है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब संसद में इस अहम योजना पर चर्चा हो रही थी, तब नेता प्रतिपक्ष मौजूद क्यों नहीं थे? कांग्रेस को इसका जवाब देना चाहिए।
कांग्रेस पर शिवराज का निशाना
शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि कांग्रेस को दर्द इसलिए हो रहा है क्योंकि भ्रष्टाचार के रास्ते बंद हो रहे हैं। संसद संवाद का मंच है, लेकिन सच सामने न आए, इसलिए मेरी आवाज दबाने की कोशिश की गई। विकसित भारत जी-राम-जी योजना भ्रष्टाचार पर सीधा प्रहार है। मोदी सरकार मजदूरों के हितों की रक्षा और देश के विकास के लिए पूरी ताकत से काम कर रही है।
‘कांग्रेस झूठ की दुकान है’
केंद्रीय कृषि मंत्री ने कहा कि कांग्रेस झूठ की दुकान, भ्रम की फैक्ट्री और अफवाहों का बाजार बन चुकी है। मजदूरों को काम नहीं मिलेगा—ऐसी अफवाहें कांग्रेस फैला रही है। जबकि ‘जी-राम-जी’ योजना में मजदूरों के हित पूरी मजबूती से सुरक्षित हैं। इस योजना के तहत 100 नहीं, बल्कि 125 दिन के रोजगार की गारंटी दी गई है।
नेता प्रतिपक्ष की गैर-मौजूदगी पर सवाल
उन्होंने दो टूक कहा कि जब इतनी महत्वपूर्ण योजना पर संसद में चर्चा हो रही थी, तब नेता प्रतिपक्ष कहां थे? सदन में मौजूद क्यों नहीं थे और बहस में हिस्सा क्यों नहीं लिया? बाद में बाहर आकर भ्रम फैलाना राजनीति नहीं, बल्कि गैर-जिम्मेदारी है।
गांव तय करेंगे अपने विकास का रास्ता
शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि अब ऊपर से आदेश नहीं, बल्कि नीचे गांव से फैसले होंगे। कौन सा काम होगा, यह ग्राम सभा, ग्राम पंचायत, सरपंच, चुने हुए जनप्रतिनिधि और गांव के भाई-बहन मिलकर तय करेंगे। ‘विकसित ग्राम पंचायत प्लान’ गांव के लोग खुद बनाएंगे और उसी के आधार पर गांव का विकास आगे बढ़ेगा।

