
एक तरफ पाकिस्तान ने टी20 विश्व कप 2026 में भारत के खिलाफ खेलने से इनकार कर दिया, वहीं दूसरी ओर अन्य टूर्नामेंटों में भारत के खिलाफ खेलने में उसे कोई आपत्ति नहीं है
ST.News Desk
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड हो या फिर पाकिस्तान की सरकार—भारत के खिलाफ उसका दोहरा रवैया अब पूरी तरह बेनकाब हो चुका है। एक तरफ पाकिस्तान ने टी20 विश्व कप 2026 में भारत के खिलाफ खेलने से इनकार कर दिया, वहीं दूसरी ओर अन्य टूर्नामेंटों में भारत के खिलाफ खेलने में उसे कोई आपत्ति नहीं है। पाकिस्तान की यह नीति अब पूरी दुनिया देख रही है और अगर यही अड़ियल रवैया जारी रहा, तो अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) उस पर कड़ा एक्शन ले सकता है।

अंडर-19 वर्ल्ड कप में 1 फरवरी को खेला गया भारत-पाकिस्तान मुकाबला
दिलचस्प बात यह है कि जिस वक्त पाकिस्तान ने टी20 विश्व कप में भारत के खिलाफ खेलने से मना किया, उसी समय अंडर-19 विश्व कप में दोनों देशों के बीच मुकाबला खेला जा रहा था। यह मैच पहले से तय था और 1 फरवरी को आयोजित हुआ। यह मुकाबला दोनों टीमों के लिए बेहद अहम था, क्योंकि इसी से सेमीफाइनल में पहुंचने वाली चौथी टीम का फैसला होना था।
अंडर-19 विश्व कप में पाकिस्तानी टीम मैदान पर उतरी, जबकि इस मैच में भारतीय खिलाड़ियों ने पाकिस्तानी खिलाड़ियों से हाथ मिलाने से इनकार कर दिया था। इतनी बेइज्जती झेलने के बावजूद पाकिस्तान ने मुकाबला खेला, क्योंकि उसे सेमीफाइनल में पहुंचने की उम्मीद नजर आ रही थी।
हार तय होते ही बदल गया पाकिस्तान का रुख
इसके बाद जैसे ही यह साफ होने लगा कि पाकिस्तान अंडर-19 का यह मैच हार रहा है, तभी पाकिस्तान सरकार की ओर से अचानक बयान आ गया कि वह 15 फरवरी को होने वाले टी20 विश्व कप 2026 के भारत-पाकिस्तान मुकाबले से बाहर हो रहा है। सवाल यह उठ रहा है कि जब युवा टीम भारत को नहीं हरा पाई, तो सीनियर टीम से जीत की उम्मीद कैसे की जा सकती है।
एशिया कप 2025 में भारत ने दी थी करारी शिकस्त
ज्यादा पीछे जाने की जरूरत नहीं है। पिछले साल 7 सितंबर को एशिया कप 2025 के दौरान भारत और पाकिस्तान के बीच तीन मुकाबले हुए थे और तीनों में भारतीय टीम ने पाकिस्तान को मात दी थी। भारत ने न सिर्फ पाकिस्तान को लगातार हराया, बल्कि खिताब भी अपने नाम किया। उस समय भी पाकिस्तानी टीम को काफी आलोचना और तौहीन झेलनी पड़ी थी।
अब पूरी दुनिया के सामने यह साफ हो चुका है कि पाकिस्तान का रवैया दोहरा है। अगर पाकिस्तान को भारत के खिलाफ नहीं खेलना है, तो उसे किसी भी स्तर पर नहीं खेलना चाहिए। यह कैसे संभव है कि वह कहीं खेले और कहीं खेलने से इनकार करे।
ICC ले सकता है सख्त फैसला
अगर पाकिस्तान 15 फरवरी को होने वाले मुकाबले से औपचारिक रूप से बाहर होता है, तो ICC की ओर से उस पर कड़ी कार्रवाई तय मानी जा रही है। उम्मीद की जा रही है कि ICC जल्द ही PCB से बातचीत करेगा और अंतिम निर्णय के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
कुल मिलाकर, भारत के खिलाफ मैच के बहिष्कार का फैसला पाकिस्तान और पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड को भारी नुकसान पहुंचा सकता है—और इससे मुंह मोड़ पाना अब मुश्किल नजर आ रहा है।

