
ST.News Desk

नई दिल्ली: नगर निगम उपचुनाव के नतीजों में तीन वार्डों पर जीत दर्ज करने के बाद आम आदमी पार्टी ने बीजेपी के खिलाफ राजनीतिक बढ़त का दावा किया है। AAP प्रमुख अरविंद केजरीवाल ने जीत को कार्यकर्ताओं की मेहनत और जनता के भरोसे का परिणाम बताया।
केजरीवाल ने एक्स पर लिखा, “इस बार AAP ने समर्पित कार्यकर्ताओं को चुनाव मैदान में उतारा और दिल्ली की जनता ने अपने जनादेश से साफ कर दिया है कि दिल्ली का जनसमर्थन लगातार AAP की तरफ मजबूत हो रहा है। सिर्फ 10 महीनों में ही जनता का विश्वास तेजी से वापस लौट रहा है। दिल्ली जल्द ही सकारात्मक राजनीति और अच्छे कामों की ओर लौट रही है।”
12 में से 7 वार्ड BJP के खाते में, AAP को 3 सीटें
दिल्ली नगर निगम (MCD) उपचुनाव 2025 के सभी 12 वार्डों के नतीजे आ चुके हैं। परिणाम इस प्रकार रहे—
भाजपा – 7 सीटें
AAP – 3 सीटें
ऑल इंडिया फॉरवर्ड ब्लॉक – 1 सीट
कांग्रेस – 1 सीट
नतीजों के बाद MCD का समीकरण:
BJP – 122 सीटें
AAP – 102 सीटें
कांग्रेस – 9 सीटें
यानी उपचुनाव के बावजूद नगर निगम में BJP की बढ़त कायम है।
सौरभ भारद्वाज का पलटवार—‘बेईमानी के बाद भी BJP 9 से 7 पर आ गई’
AAP नेता सौरभ भारद्वाज ने बीजेपी की गिरती संख्या पर टिप्पणी करते हुए कहा—
“चुनाव छोटा था। आम आदमी पार्टी 3 पर थी, 3 पर रही। भाजपा बेईमानी करने के बाद भी 9 से 7 पर आ गई। दिल्ली में BJP सरकार के पहले लिटमस टेस्ट ने दो बातें साफ की हैं—भाजपा नीचे आ रही है और जनता धमकियों में नहीं आ रही।”
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि बीजेपी नेता मंचों से कहते थे कि AAP का पार्षद चुनने पर काम नहीं होने देंगे, फिर भी जनता ने भाजपा की संख्या कम कर दी।

