ST.News Desk
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) द्वारा इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) की फ्रैंचाइजी कोलकाता नाइटराइडर्स (KKR) को बांग्लादेश के तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान को टीम से रिलीज करने का निर्देश देने के बाद विवाद गहराता जा रहा है। BCCI के निर्देश के तुरंत बाद KKR ने मुस्तफिजुर रहमान को आगामी IPL सीजन के लिए अपनी टीम से बाहर कर दिया। इस फैसले से नाराज बांग्लादेश ने अब कड़ा कदम उठाते हुए IPL के टेलीकास्ट पर अनिश्चितकालीन प्रतिबंध लगा दिया है।
इस फैसले से बांग्लादेश में मौजूद उन लाखों क्रिकेट प्रशंसकों को बड़ा झटका लगा है, जो दुनिया की सबसे लोकप्रिय टी20 लीग IPL के दीवाने हैं।
मंत्रालय ने टीवी चैनलों को दिया आदेश
बांग्लादेश के सूचना और प्रसारण मंत्रालय ने 5 जनवरी को देश के सभी टेलीविजन चैनलों को इंडियन प्रीमियर लीग का प्रसारण तत्काल प्रभाव से रोकने का आदेश जारी किया। मंत्रालय की ओर से यह निर्देश एक आधिकारिक पत्र के जरिए चैनलों को भेजा गया।
पत्र में कहा गया है कि BCCI द्वारा बांग्लादेश के स्टार क्रिकेटर मुस्तफिजुर रहमान को बिना किसी स्पष्ट और ठोस कारण के KKR टीम से बाहर किए जाने से बांग्लादेशी जनता आहत और नाराज है। मंत्रालय का मानना है कि यह फैसला बांग्लादेशी क्रिकेट और खिलाड़ियों के सम्मान के खिलाफ है। इसी को ध्यान में रखते हुए अगले आदेश तक IPL मैचों और उससे जुड़े सभी कार्यक्रमों के प्रसारण पर रोक लगाने का निर्देश दिया गया है।
T20 वर्ल्ड कप 2026 को लेकर भी तनाव
इससे पहले बांग्लादेश ने T20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए भारत न जाने का आधिकारिक फैसला भी कर लिया था, जिससे दोनों देशों के बीच क्रिकेट संबंधों में और तनाव बढ़ गया है। बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) को पत्र लिखकर अपने सभी मुकाबले भारत के बजाय श्रीलंका में कराने की मांग की है।
गौरतलब है कि बांग्लादेश को T20 वर्ल्ड कप 2026 के लीग स्टेज में अपने पहले तीन मैच कोलकाता और चौथा मैच मुंबई में खेलना प्रस्तावित था। अब इन घटनाक्रमों के बाद भारत-बांग्लादेश क्रिकेट संबंधों पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

