
ST.News Desk : अमेरिका से भारत प्रत्यर्पित गैंगस्टर अनमोल बिश्नोई को दिल्ली एयरपोर्ट पर उतरते ही राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद उसे पटियाला हाउस कोर्ट में पेश किया गया, जहां से कोर्ट ने उसे 11 दिन की NIA रिमांड पर भेज दिया। रिमांड मिलने के बाद आरोपी को सीधे NIA मुख्यालय ले जाया गया।

कई हाई-प्रोफाइल मामलों में वांछित
अनमोल बिश्नोई दिवंगत एनसीपी नेता बाबा सिद्दीकी की हत्या का मुख्य आरोपी है। इसके अलावा वह बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान के घर के बाहर हुई फायरिंग और सिद्धू मूसेवाला मर्डर केस से भी जुड़ा हुआ है। NIA ने कोर्ट से उसकी 15 दिन की कस्टडी की मांग की थी, जिसके बाद उसे रिमांड पर भेज दिया गया।
अमेरिका ने भारत को किया डिपोर्ट
अनमोल को मंगलवार को अमेरिका ने भारत डिपोर्ट किया था। उसके लौटते ही दिल्ली एयरपोर्ट पर NIA की टीम ने उसे हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया। अनमोल, गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई का भाई है और लंबे समय से उसके गिरोह की विदेश से संचालित गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभा रहा था।
अमेरिका से चला रहा था आतंकवादी सिंडिकेट
NIA की जांच में सामने आया कि अनमोल अमेरिका में बैठकर लॉरेंस बिश्नोई और गोल्डी बराड़ के लिए आतंकवादी सिंडिकेट चलाता था। वह गिरोह के शूटरों और गुर्गों को आश्रय, पैसा और हथियार उपलब्ध करवाता था। इसके अलावा वह भारत में जबरन वसूली की गतिविधियों को विदेशी धरती से संचालित कर रहा था।
NIA इस पूरे नेटवर्क की जांच RC 39/2022/NIA/DLI (लॉरेंस बिश्नोई-नेतृत्व वाले आतंकवादी-गैंगस्टर षड्यंत्र केस) के तहत कर रही है।
बाबा सिद्दीकी मर्डर: मुख्य साजिशकर्ता
नेशनलिस्ट कांग्रेस पार्टी (NCP) नेता बाबा सिद्दीकी की 12 अक्टूबर 2024 को बांद्रा स्थित कार्यालय के बाहर गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। मुंबई पुलिस इस मामले में अब तक 26 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। चार्जशीट में अनमोल बिश्नोई को मुख्य साजिशकर्ता बताया गया है।
बताया जाता है कि सलमान खान से बाबा सिद्दीकी की निकटता और उनके भावनात्मक जुड़ाव के कारण हत्या कराई गई थी।
सिद्धू मूसेवाला मर्डर केस से कनेक्शन
29 मई 2022 को सिंगर सिद्धू मूसेवाला की हत्या के बाद अनमोल बिश्नोई का नाम पहली बार सामने आया था। जांच में पता चला कि लॉरेंस बिश्नोई ने तिहाड़ जेल से साजिश रची और अनमोल ने गोल्डी बराड़ के साथ मिलकर इस हत्या में अहम भूमिका निभाई।
सलमान खान के घर फायरिंग में भी वांछित
14 अप्रैल 2024 को सलमान खान के मुंबई स्थित गैलेक्सी अपार्टमेंट के बाहर फायरिंग की घटना हुई थी। इसकी जिम्मेदारी अनमोल बिश्नोई ने खुद ली थी। चार्जशीट में खुलासा हुआ कि उसने शूटर्स को 9 मिनट का ऑडियो भेजकर “इतिहास रचने” के लिए उकसाया था।
क्यों दुश्मन मानता है बिश्नोई गैंग सलमान खान को?
सलमान खान 1998 के काला हिरण शिकार मामले में आरोपी रहे हैं। यह मामला बिश्नोई समाज से जुड़ा है और तभी से लॉरेंस बिश्नोई गैंग सलमान खान के खिलाफ रंजिश रखता है। इसी दुश्मनी के कारण सलमान को कई बार जान से मारने की धमकियाँ दी गईं और फायरिंग की घटनाएँ भी इसी गैंग ने कराई थीं।

